मोतिहारी स्कूल में ‘चिकन पार्टी’ का वीडियो वायरल, शिक्षकों पर उठे सवाल

मोतिहारी, 28 अप्रैल (वेब वार्ता)। बिहार के मोतिहारी जिले में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। आदापुर प्रखंड स्थित यूएमएस उचीडीह विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक कथित रूप से स्कूल परिसर के अंदर ‘चिकन पार्टी’ करते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में कुछ शिक्षक कक्षा के भीतर ही खाना बनाते और आपस में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान अनुचित गतिविधियों की चर्चा भी हो रही थी, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि विद्यालय जैसे स्थान, जहां बच्चों को शिक्षा और नैतिक मूल्यों की सीख दी जाती है, वहां इस तरह की गतिविधियां बेहद अनुचित हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था की छवि पर नकारात्मक असर पड़ता है।

वहीं, इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है और जांच की मांग तेज हो गई है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी विद्यालयों में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles