इस्लामाबाद, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ लगभग 45 मिनट तक टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने मौजूदा हालात पर विस्तृत चर्चा करते हुए तनाव कम करने के प्रयासों पर जोर दिया।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार रविवार को हुई इस बातचीत में शहबाज शरीफ ने 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ वार्ता के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल भेजने पर ईरानी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मोहम्मद बगेर गालिबाफ और अब्बास अराघची ने किया था।
सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में इस्लामाबाद में प्रत्यक्ष वार्ता हुई थी, जिसका उद्देश्य तनाव को कम करना था, हालांकि यह बातचीत किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। इसके बावजूद दूसरे दौर की वार्ता की संभावना जताई जा रही है, जिससे युद्धविराम की अवधि बढ़ने की उम्मीद बनी हुई है।
इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिकी वार्ताकार शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद में मौजूद रहेंगे। हालांकि, दूसरे दौर की वार्ता में ईरान की भागीदारी को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, और पाकिस्तान इस दिशा में प्रयास कर रहा है।
बातचीत के दौरान शहबाज शरीफ ने ईरानी राष्ट्रपति को सऊदी अरब, कतर और तुर्किए समेत विभिन्न देशों के नेताओं के साथ हुई अपनी हालिया मुलाकातों की जानकारी भी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा।
वहीं, मसूद पेजेश्कियान ने शांति प्रयासों में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग और संबंध आने वाले समय में और मजबूत होंगे। यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए समाधान तलाशने की कोशिशें जारी हैं।



