सोलन, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। जेपी विश्वविद्यालय में बीटेक के एक छात्र द्वारा हॉस्टल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल छात्र को उपचार के लिए शिमला स्थित अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया है।
जम्मू का रहने वाला है छात्र
मामले की जानकारी देते हुए अभिषेक सेरेक ने बताया कि छात्र जम्मू का निवासी है और जेपी विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है। उसने देर रात हॉस्टल की बालकनी से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि छात्र से पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस विश्वविद्यालय प्रशासन से भी इस संबंध में जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद छात्रों का प्रदर्शन
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने देर रात प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आएगी। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


