भोपाल, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने समान नागरिक संहिता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में एकरूपता लाने और हर नागरिक का भविष्य सुरक्षित करने के लिए समान कानून आवश्यक है।
समान कानून से मजबूत होगा देश
विश्वास सारंग ने कहा कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के हित में यह जरूरी है कि सभी नागरिकों पर एक समान कानून लागू हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून में जाति और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी के लिए समान व्यवस्था होनी चाहिए।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और तुष्टिकरण की नीति अपनाई। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार पिछली गलतियों को सुधारने का प्रयास कर रही है और यूसीसी लागू होने से देश में विकास को गति मिलेगी तथा सभी नागरिकों को समान अवसर मिलेंगे।
किसानों को लेकर भी दिया भरोसा
मंत्री ने गेहूं उपार्जन को लेकर कहा कि सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
सहकारिता चुनाव जल्द होंगे पूरे
सारंग ने सहकारिता चुनाव को लेकर भी जानकारी दी कि प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने और उन्हें अधिक सक्रिय करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि सरकार सभी क्षेत्रों में पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है।



