रायपुर, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना रायपुर के दो युवकों को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर कट्टा लहराते हुए फोटो और वीडियो साझा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक खुलेआम अवैध हथियार लहराते हुए नजर आया। वीडियो सामने आते ही पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट सक्रिय हो गई और जांच शुरू की गई।
तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू, निवासी रामसागरपारा के रूप में की। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह अवैध हथियार शिखर द्विवेदी से लिया था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



