नोहर (हनुमानगढ़), 31 मार्च (वेब वार्ता)। जिले के भद्रकाली बाइपास पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। भादरा-रावतसर मार्ग पर क्रूजर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन छोटे बच्चों सहित कुल 22 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रूजर सवार लोग हरियाणा के बरढाना गांव में शोक संवेदना व्यक्त कर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और जोरदार धमाके की आवाज से आसपास का क्षेत्र दहल उठा।
इस हादसे में बुधवालिया गांव की निवासी राजबाला पत्नी लक्ष्मणराम, रोशनी पत्नी सागरमल और कलावती पत्नी राजेन्द्र की मौत हो गई। इनमें से दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक ने उप जिला अस्पताल नोहर में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
घायलों में तीन मासूम बच्चे उत्तम (3 वर्ष), माही (6 वर्ष) और चित्रा (5 वर्ष) भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकांश घायल एक ही गांव के निवासी हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अमित चाचाण, जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा और उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अस्पताल में घायलों के उपचार के लिए अतिरिक्त चिकित्सा स्टाफ तैनात किया गया, वहीं बड़ी संख्या में लोग भी एकत्रित हो गए।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
यह हादसा जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। वर्ष 2026 के शुरुआती तीन महीनों में ही छह बड़े हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें 11 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वर्ष 2024 में जहां 202 लोगों की मौत हुई थी, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 228 हो गई। घायलों की संख्या भी 344 से बढ़कर 367 तक पहुंच गई है।
प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान चलाए जाने के बावजूद तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भद्रकाली बाइपास पर बेहतर संकेतक, गति नियंत्रण उपाय और नियमित गश्त की मांग की है।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।



