- नई उड़ान योजना के तहत उत्तर प्रदेश समेत देशभर के कई छोटे शहरों में आने वाले सालों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाए जाएंगे।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट फेज 1 का उद्घाटन करने के बाद इसकी घोषणा की।
- उन्होंने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से दुनिया भर के लिए फ्लाइट्स उड़ान भरेंगे, और यह एयरपोर्ट विकसित यूपी की प्रतीक बनेगा।
वेब वार्ता | नोएडा
उत्तर प्रदेश समेत देशभर के कई छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाए जाएंगे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यह घोषणा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार ने हाल में लगभग 29,000 करोड़ रुपये की मंजूरी के साथ उड़ान योजना का और विस्तार दिया है, जिसके तहत आने वाले सालों में छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश को भी इससे बहुत लाभ होगा।
सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्यों में यूपी भी शामिल
जेवर स्थित नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पहुंचे प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत अभियान’ में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का सबसे बड़ा राज्य (यूपी) अब इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सबसे अधिक संख्या वाले राज्यों में से एक बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें दोहरी खुशी है, पहली इस एयरपोर्ट की नींव रखने और अब इसका उद्घाटन करने पर, और दूसरी इस भव्य एयरपोर्ट का नाम उत्तर प्रदेश से जुड़ने पर। पीएम मोदी ने कहा, “यह वही राज्य है जिसने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना और सांसद बनाया, और अब इसकी पहचान इस शानदार एयरपोर्ट से जुड़ गई है।
नोएडा एयरपोर्ट विकसित यूपी का बनेगा प्रतीक
नए एयरपोर्ट के दूरगामी प्रभाव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद सहित विशाल क्षेत्र को लाभ होगा। उन्होंने जोर दिया कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और युवाओं के लिए अनेक नए अवसर लेकर आएगा। पीएम मोदी ने राज्य के लोगों, विशेष रूप से पश्चिमी यूपी के लोगों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “यहां से विमान दुनिया भर के लिए उड़ान भरेंगे, और यह एयरपोर्ट विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।”
ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच पिछले करीब 4 हफ्ते से जारी तनाव के कारण दुनियाभर में बदल रहे हालात पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में एक महीने से अधिक समय से चल रहे जंग के कारण आज पूरा विश्व गहरी चिंता में है। इस जंग के चलते कई देशों में भोजन, पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत इस युद्ध ग्रस्त क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल यानी क्रूड ऑयल और गैस (LPG) आयात करता है। पीएम मोदी ने आश्वासन दिया, “सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है कि इस संकट का बोझ आम परिवारों और किसानों पर न पड़े।



