मोदी अपने नागरिकों से नियमित संवाद करने वाले विश्व के एकमात्र नेता: रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मासिक संवाद ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने से मिले अनुभवों को जनता से साझा करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के एकमात्र ऐसे नेता हैं जो अपने देश के नागरिकों से नियमित संवाद करने के साथ-साथ उनका ज्ञानवर्धन भी करते हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को कालकाजी विधानसभा में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।

दिल्ली भाजपा ने रविवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ को सुनने के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 120 वें एपिसोड को सुना।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदेश कार्यालय में सांसद योगेंद्र चांदोलिया एवं नरेश अग्रवाल, प्रदेश पदाधिकारियों, स्थानीय गोल मार्केट समिति भाजपा कार्यकर्ता और भाजपा कार्यालय कर्मचारियों के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस मौके पर महेंद्र नागपाल, योगेश अत्रेय और विजय सोलंकी, कार्यालय मंत्री बृजेश राय और सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता उपस्थित थे।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जो जानकारी दी गई वह हम सब के लिए नई थी। आज जिस प्रकार से उन्होंने महुआ के बिस्किट की जानकारी दी वह सबके लिए नई जानकारी थी। उन्होंने कहा कि भारत के दूरदराज की विशेषता बताना ‘मन की बात’ कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यही इस कार्यक्रम को विशेष बनाता है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम एक चेतना का कार्यक्रम का बन चुका है। खासकर युवाओं के लिए यह एक सिर्फ कार्यक्रम ही नहीं बल्कि देश और दुनिया की जानकारी का एक स्रोत बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जल संरक्षण, खेलो इंडिया सहित कई मुद्दों के बारे में भी बताया जिसको अपनाकर हम अपने जीवन को सार्थक और सरल बना सकते हैं।

कालकाजी विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ-साथ भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कालकाजी से निगम पार्षद योगिता सिंह एवं निगम पार्षद चंद्र प्रकाश, जिला अध्यक्ष राजकुमार चौटाला और अन्य पदाधिकारियों ने ‘मन की बात’ को सुना।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img