Monday, February 2, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में आयोजित ‘हाफ मैराथन’ का किया उद्घाटन

सोनीपत, रजनीकांत चौधरी (वेब वार्ता)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को सोनीपत के दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित सोनीपत हॉफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हॉफ मैराथन में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य लक्ष्य प्रदेश को नशे के खिलाफ जागरूक करना है ताकि हरियाणा को नशामुक्त बनाया जा सके। उन्होंने पूरे समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ मिलकर चलने की प्रेरणा देने वाली, हमें खेलों के प्रति जागरूकता पैदा करने और नशे के खिलाफ पूरे समाज को लामबंद करने वाली दौड़ है। इस तरह के आयोजनों से न केवल सामाजिक जागरूकता आती है बल्कि हम सभी के अंदर उत्साह और उमंग का संचार भी होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं, स्वस्थ समाज देश-प्रदेश के विकास व उत्थान की पहली सीढ़ी है। स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है कि उसमें कुरीतियां न हो और वह नशे जैसी बुराई से मुक्त हो। इसी उद्देश्य से हमने प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया है। खेलों को बढ़ावा दिया है। युवाओं और सभी नागरिकों को नशे की बुराई से दूर रखने का अभियान भी चलाया है। यह मैराथन इसी अभियान की एक कड़ी है।

प्रदेशभर में मैराथन और राहगिरी का आयोजन कर फिटनेस के प्रति कर रहे जागरूक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूरे प्रदेश में मैराथन और राहगिरी का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों से आमजन को फिटनेस के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 29 अगस्त, 2019 को फिट इंडिया कार्यक्रम शुरू किया था ताकि आमजन अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने फिट इंडिया कार्यक्रम शुरू करके फिटनेस को आमजन की जीवन शैली का अभिन अंग बना दिया है। इसके साथ-साथ भारत ने विश्वभर को योग का मूलमंत्र भी दिया है। उन्होंने कहा कि आज की मैराथन में उमड़ी भीड़ देखकर पता चल रहा है कि लोग फिटनेस के लिए संकल्पबद्ध हो चुके हैं।

नशे पर निरंतर प्रहार कर रही हरियाणा सरकार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर नशे पर प्रहार कर रही है। संतों, महात्माओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिक संस्थाओं के साथ मिलकर नशे के खिलाफ काम कर रहे हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। नशा मुक्ति व पुनर्वास के लिए गांव व वार्ड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मिशन टीमों का गठन किया जा चुका है। धाकड़ कार्यक्रम को कॉलेज, यूनिवर्सिटी और शैक्षणिक संस्थाओं के स्तर पर शुरू किया गया है।

हरियाणा उदय के अंतर्गत निरंतर आयोजित हो रहे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस मैराथन का आयोजन हरियाणा सरकार के हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इस तरह प्रदेशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणा उदय अभियान के तहत अब तक 2,482 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें 16 लाख 50 हजार लोगों ने भाग लिया है। यह हरियाणा का आज तक का सबसे बड़ा आउटरीच कार्यक्रम साबित हुआ है। इसमें राहगिरी, साइकलोथॉन, अपराध व नशे से प्रभावित क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं, नशामुक्त अभियान, वरिष्ठ नागरिकों को गोद लेना, पुलिस पाठशाला आदि शामिल हैं।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, सोनीपत विधायक निखिल मदान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान, मेयर राजीव जैन, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक, भाजपा नेता देवेन्द्र कौशिक, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद गोयल, ओएसडी पंकज नैन, पुलिस आयुक्त नाजनीन भसीन, डीसी डॉ. मनोज कुमार, दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. श्रीप्रकाश सिंह, हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के वीसी अशोक कुमार, बीपीएस खानपुर विश्वविद्यालय की वीसी सुदेश छिकारा, पूर्व जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी, खरखौदा नगर पालिका के चेयरमैन हीरा लाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता आजाद सिंह नेहरा, रविन्द्र दिलावर, निशांत छोक्कर, परमवीर सैनी, इंद्रजीत विरमानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी गण मौजूद रहे।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img