-लक्ष्मीकांत पाठक
हरदोई, 29 अप्रैल (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश आज विकास के एक नए अध्याय का साक्षी बनने जा रहा है। हरदोई जनपद के मल्लावां में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 36,230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। प्रातः 11 बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जिलों और 519 गांवों को जोड़ते हुए विकास की नई धारा प्रवाहित करेगा। इसके माध्यम से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और 12 औद्योगिक गलियारों के जरिए निवेश एवं रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। यह परियोजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मानी जा रही है।
इस एक्सप्रेसवे का निर्माण चार खंडों में किया गया है। मेरठ से बदायूं तक के हिस्से का निर्माण IRB Infrastructure Developers Limited द्वारा किया गया, जबकि शेष तीन खंडों का कार्य Adani Enterprises Limited ने पूरा किया। परियोजना के अंतर्गत 457 अंडरपास, 76 बड़े पुल और 21 अन्य पुल बनाए गए हैं, साथ ही आधुनिक चार्जिंग स्टेशन और सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है।
समारोह स्थल पर भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए व्यापक जनसुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। आगंतुकों के लिए 700 कूलर, 2000 पंखे, 200 मोबाइल शौचालय और 500 जल टैंकर लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 30 बड़ी एलईडी स्क्रीनें भी स्थापित की गई हैं, जिससे दूर बैठे लोग भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकें।
हरदोई का मल्लावां आज केवल एक उद्घाटन समारोह का स्थल नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास और आधुनिक अधोसंरचना की नई दिशा का प्रतीक बन गया है। गंगा एक्सप्रेसवे के साथ उत्तर प्रदेश अब तीव्र गति से आर्थिक प्रगति, निवेश और समृद्धि के पथ पर अग्रसर होने की ओर बढ़ रहा है।



