Saturday, February 28, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

निगम में बराबर हुई आप और भाजपा के पार्षदों की संख्या

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार जाने के बाद अब अरविंद केजरीवाल की एक और चिंता बढ़ गई है। अब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में भी आप की सत्ता पर खतरा मंडराने लगा है। शनिवार को तीन पार्षदों के भाजपा में जाने के बाद ‘आप’ और भाजपा के पार्षदों की संख्या बराबर हो गई है। जल्द ही 11 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, जिसके नतीजे तय करेंगे कि एमसीडी में ‘आप’ की सत्ता रहेगी या फिर दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार होगी।

शनिवार को आम आदमी पार्टी के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। एंड्रयूज गंज से पार्षद अनिता बसोया, हरि नगर से निखिल चपराना और आरकेपुरम से धरमवीर सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दल-बदल के बाद 250 सदस्यों वाले सदन में ‘आप’ के 116 पार्षद बच गए हैं तो भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 116 हो गई है। दोनों संख्याबल में अब बराबरी पर हैं। कांग्रेस के पास सात पार्षद हैं। ऐसे में कांग्रेस की भूमिका भी अहम हो गई है। यदि उपचुनाव के नतीजे ‘आप’ हक में नहीं गए या कुछ और पार्षद भाजपा में गए तो अरविंद केजरीवाल के हाथ से एमसीडी निकल सकती है या फिर उसे कांग्रेस के सहारे की जरूरत होगी।

11 सीटों पर होगा उपचुनाव

द्वारका बी वार्ड से भाजपा की पार्षद कमलजीत सहरावत पश्चिमी दिल्ली से सांसद बन चुकी हैं। उनके लोकसभा चुनाव जीतने के बाद से ही यह पद खाली है। अब विधानसभा चुनाव में भी 17 पार्षद मैदान में उतरे थे। इनमें से भाजपा के सात और ‘आप’ के तीन पार्षद विधायक बन चुके हैं। इस हिसाब से कुल 11 सीटें खाली हो गईं हैं। एमसीडी में मौजूदा समीकरण को देखते हुए यह उपचुनाव अब बेहद दिलचस्प हो गया है।

2022 में AAP को 134 वार्डों में मिली थी जीत

दिसंबर 2022 में हुए एमसीडी चुनाव में ‘आप’ ने 15 सालों से काबिज भाजपा को हरा दिया था। तब ‘आप’ ने 134 और भाजपा ने 104 सीटों पर जीत साहिल की थी। कांग्रेस 9 वार्डों में जीत हासिल कर पाई थी। ‘आप’ के कई पार्षद धीरे-धीरे टूटकर भाजपा में जा चुके हैं।

अब दिल्ली में ट्रिपल सरकार की चाहिए: वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ‘आप’ पार्षदों को शामिल करने के बाद एमसीडी में सरकार बनाने की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, ‘बार-बार सवाल आ रहा था कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार, अब चलने लगा है कि ट्रिपल इंजन की सरकार चाहिए। हम सबको मिलकर एक सुंदर दिल्ली बनानी है, एक ऐसी दिल्ली बनानी है जिस पर सब गर्व कर सकें। इस कार्य में जो भी आहुति डालेगा वह अपने जीवन को भी आनंदित करेगा। हमारा लक्ष्य एक ही है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के साथ दिल्ली को भी विकसित बनाएंगे।’ दिल्ली सरकार के गठन की प्रक्रिया कब से शुरू होगी? इस सवाल के जवाब में सचदेवा ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘सरकार गठन से पहले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।’ सचदेवा ने कहा कि समय आने दीजिए हम आपको दिल्ली में ट्रिपल इंजन भी देंगे।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img