Sunday, October 19, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

मैं आपको एक उपाधि देना चाहूंगी कि आप सभी हनुमान हैं : रेखा गुप्ता

-दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वांचल भाजपा मोर्चा समारोह में की शिरकत

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वांचल बीजेपी मोर्चा समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी की दिल्ली में 27 साल बाद हुई जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने इस जीत को वर्षों के संघर्ष का फल करार दिया। उन्होंने पिछली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। रेखा गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप चाहे राम के गांव से हों या सीता के गांव से, लेकिन मैं आपको एक उपाधि देना चाहूंगी कि आप सभी हनुमान हैं।

‘हमारा वनवास सालों तक चलता रहा…’

दिल्ली बीजेपी कार्यालय में पूर्वांचल भाजपा मोर्चा समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज की जीत सालों की तपस्या, मेहनत, लगन और समर्पण का नतीजा है। बार-बार इसका जिक्र हो रहा है कि 27 साल के बाद सरकार बनी। भगवान राम का वनवास 14 साल में खत्म हो गया, लेकिन हमारा वनवास सालों तक चलता रहा। लंबे संघर्ष के बाद हम इस जीत का जश्न मना पा रहे हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने किसे बताया ‘हनुमान’

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आप चाहे राम के गांव से हों या सीता के गांव से, लेकिन मैं आपको एक उपाधि देना चाहूंगी कि आप सभी हनुमान हैं। पार्टी के हनुमान बनके जो काम आपने किया, आज की जीत आपकी उस सालों की तपस्या, मेहनत, लगन और समर्पण का नतीजा है। मैं अपने पूर्वाचल के भाइयों और बहनों को बधाई देती हूं। दिल्ली में एक नए युग की शुरुआत हुई है। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। हमें पीएम मोदी के विकसित दिल्ली बनाने के सपने को पूरा करना है।

‘घर-घर रावण, जन-जन लंका… इतने राम कहां से लाऊं’

रेखा गुप्ता ने बताया कि बीजेपी ने दिल्ली में जब भी भ्रष्टाचार देखा, हमेशा विरोध किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमने लाठियां और डंडे भी खाने पड़े। अपने संघर्षों का वर्णन करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि इतने रावण थे कि ये समझ नहीं आता था कि किस रावण की भुजा उखाड़ें, किस लंका में आग लगाएं। घर-घर रावण, जन-जन लंका, इतने राम कहां से लाऊं।” उन्होंने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण को दिया।

‘बीजेपी कार्यकर्ताओं की लगन-तपस्या से मिली जीत’

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं की लगन और तपस्या से ही यह जीत संभव हुई है। दिल्ली की जनता ने बीजेपी पर भरोसा जताया है और अब बीजेपी की जिम्मेदारी है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरी उतरे। रेखा गुप्ता ने विश्वास दिलाया कि बीजेपी दिल्ली के विकास के लिए कड़ी मेहनत करेगी।

बीजेपी की सरकार बनाने में पूर्वांचलियों का योगदान

कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि आज का दिन बहुत ही गौरव और स्वाभिमान का दिन है दिल्ली में रहने वाली सभी पूर्वांचल भाई बहनों के लिए बहुत खास है। आज 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनी है 27 साल बाद जो विजय आयी है उसमें प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अहम भूमिका रही है। इसके साथ ही पूर्वांचल के लोगों ने भी सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

बीजेपी सरकार पूर्वांचल भाई बहनों की कर्जदार-सिरसा

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि दिल्ली में बीजेपी सभी पूर्वांचल सीट जीतने में कामयाब हुई। हम पूर्वांचल भाई बहनों के काम जरूर करेंगे, उनके काम आएंगे। बीजेपी सरकार पूर्वांचल भाई बहनों की कर्जदार है। एक नई दिल्ली और नया मुकाम लिखा जाएगा।

अपना काम ईमानदारी से आगे करेंगे-सचदेवा

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि इस जीत के सच्चे हकदार सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और दिल्ली की जनता है। सचदेवा ने कहा, हमें अब अपना काम इमानदारी से आगे करते रहना है। ईमानदारी के साथ काम करेंगे तो प्रभु हमारे साथ रहेंगे। संकल्प पत्र में लिखा एक-एक शब्द हमारे लिए गीता और कुरान है। यमुना को निर्मल बनाने का काम शुरू हो चुका है 3 साल के अंदर हम यमुना घाट पर छठी मां का पर्व मनाएंगे। मैंने जब डुबकी लगाई थी तो मुझे भी मालूम नहीं था कि मेरी तबीयत खराब हो जाएगी लेकिन यमुना मैया का मेरे ऊपर आशीर्वाद रहा और मैं बच गया। अब सच्चे मन से यमुना नदी के लिए काम किया जाएगा और 3 साल के बाद यमुना पर छठ पर्व मनाया जाएगा।

जनता के बीच हेल्पलाइन जारी करेंगे -प्रवेश वर्मा : दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि हम जल्द ही दिल्ली की जनता के बीच एक हेल्पलाइन जारी करेंगे। जल्द ही यह नंबर जनता के बीच जारी होगा इस नंबर पर लोग अपनी शिकायत कर पाएंगे कि उन्हें किस प्रकार की समस्या है और वह सुझाव भी दे सकते हैं और उस समस्या का समाधान भी होगा।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles