राज्यगुजरात : वायुसेना ने दिखाई ताकत, आपदा राहत...

गुजरात : वायुसेना ने दिखाई ताकत, आपदा राहत अभियान में बहु-एजेंसी समन्वय का प्रदर्शन

जामनगर, 19 नवंबर (वेब वार्ता)। भारतीय वायुसेना ने बृहस्पतिवार को गुजरात में बड़े पैमाने पर आयोजित एक बहुराष्ट्रीय मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास के दौरान अपनी बढ़ती हवाई ताकत और आपदा से निपटने की क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इस दौरान लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों, हेलीकॉप्टरों और रिमोट से संचालित ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

यह प्रदर्शन 17 से 19 नवंबर तक वायुसेना स्टेशन जामनगर में आयोजित वार्षिक संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘सहायता सेतु 2026’ का हिस्सा था।

इस बहु-एजेंसी अभ्यास में थलसेना, नौसेना और वायुसेना के साथ भारतीय तटरक्षक बल, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसियों, नागरिक प्रशासन और मित्र देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने कहा कि मानवीय सहायता और आपदा राहत भारत की मानव सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वित प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने कहा, ”आज की आपदा संभावित दुनिया में प्रभावी प्रतिक्रिया किसी एक एजेंसी की क्षमता से संभव नहीं है। इसके लिए पूरे देश को मिलकर काम करने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि भारत के आपदा राहत प्रयास ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और विस्तारित वैश्विक समुद्री दृष्टिकोण ‘महासागर’ से निर्देशित होते हैं। भारत हिंद महासागर क्षेत्र और हिंद-प्रशांत में एक भरोसेमंद प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में उभरा है।

उन्होंने तुर्किये में ‘ऑपरेशन दोस्त’ और म्यांमार में ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ का उल्लेख भारत के मानवीय सहायता अभियानों के उदाहरण के रूप में किया।

अभ्यास के दौरान एक आपदा की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें प्रभावित क्षेत्र की हवाई निगरानी और आकलन से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों के विभिन्न चरणों का प्रदर्शन किया गया।

वायुसेना ने इस दौरान जगुआर लड़ाकू विमान, सी-130जे सुपर हरक्यूलिस परिवहन विमान, एमआई-17 हेलीकॉप्टर और रिमोट से संचालित क्वाडकॉप्टर तैनात किए। तीनों सेनाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) मार्क-4 के अलावा नौसेना के डोर्नियर विमान तथा थलसेना के एएलएच और चीता हेलीकॉप्टरों ने भी हिस्सा लिया।

प्रदर्शन में एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर ने अग्निशमन रोबोट की मदद से पानी की बाल्टी के जरिए आग बुझाने का अभ्यास किया, जबकि एक अन्य एमआई-17 1बी हेलीकॉप्टर ने थलसेना के वाहन को हवाई मार्ग से पहुंचाया। चिनूक भारी परिवहन हेलीकॉप्टर ने पुल के हिस्सों जैसी संरचनाओं को आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने की क्षमता दिखाई।

वायुसेना के कॉम्बैट फ्री फॉल रैपिड रिस्पांस फोर्स के जवानों ने एएन-32 विमान से छलांग लगाकर भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास का उद्देश्य चक्रवात, भूकंप, बाढ़ और रासायनिक आपात स्थितियों जैसी बड़ी आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल, संयुक्त अभियान क्षमता और अंतरराष्ट्रीय समन्वय को मजबूत करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -