भोपाल में विधानसभा परिसर में मनाया गया आचार्य विद्यासागर का स्मृति दिवस, मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव हुए शामिल

भोपाल, (वेब वार्ता)। राजधानी भोपाल स्‍थित मध्‍य प्रदेश विधानसभा परिसर में गुरुवार को दिवंगत जैन मुनि आचार्य विद्यासागर जी महाराज का स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कई नेता व जैन समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने मंच पर बैठे मुनि प्रमाण सागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन (पैर धोए) किया। कार्यक्रम में आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन पर आधारित 25 किताबों का विमोचन भी किया गया। इस दौरान जैन समाज के अध्यक्ष ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर करने की मांग की।

जैन मुनि विद्या सागर जी महाराज की पहली समाधि स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह दृश्य बदलते हैं, उसी तरह महा पुरुष शरीर बदलते हैं। विद्यासागर जी महाराज ने अपने जीवन आदर्शों से वह आदर्श प्रस्तुत किए, जिससे वे जीते जी देवता की तरह पूजे गए, पूजे जाते रहेंगे। आचार्य विद्यासागर महाराज के भीतर जो मानव सेवा का भाव रहा है उसके चलते वो जीते जी देवता के रूप में हम सब के बीच विद्यमान हो गए। वे सिर्फ आंखों से ओझल हुए हैं, लेकिन वे, उनके आदर्श, उनके बताए गए सतमार्ग हमेशा हमारे साथ रहने वाले हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मुनि विद्यासागर जी महाराज ने अपने जीवनकाल में उन सभी आदर्शों और नियमों का पालन किया, जो एक सफल जीवन के लिए आवश्यक है।

सीएम डॉ. यादव ने गोमाता का जिक्र करते हुए कहा कि जैन समुदाय और सनातन एक ही विचारधारा से बंधे हुए हैं। सनातन और जैन नियमों का जो संबंध है, वह महाराज जी ने दुनिया को सिखाया। गौवंश को बचाने में मुनि विद्यासागर जी का बड़ा योगदान है। गोमाता के माध्यम से पूरी प्रकृति बदल सकती है। हम सबके जीवन में पूरा बदलाव आ सकता है। गोमाता के भीतर वह भाव है जो अपने बच्चों का ख्याल रखती है और मनुष्य के बच्चों का भी ख्याल रखती है। उन्होंने बताया कि भारत की जड़ों को मजबूत बनाने वाली शिक्षा की आवश्यकता है। जो मुनि जी ने बखूबी निभाया है।

कार्यक्रम से पूर्व दिगंबर जैन मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा रोशनपुरा चौराहा, मालवीय नगर, बिरला मंदिर होते हुए विधानसभा पहुंची। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद आलोक शर्मा और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles