-

*कुप्रथाओं की जड़ में अज्ञान और अंधविश्वास, समाज जागेगा तभी बदलेगी परंपराओं की तस्वीर*

-*कांतिलाल मांडोत*

भारतीय समाज में परंपराओं और रीति-रिवाजों का अपना विशेष महत्व रहा है। हमारी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक जीवन की पहचान सदियों से इन परंपराओं के माध्यम से बनी हुई है। परिवार और समाज को एक सूत्र में बांधने, आपसी प्रेम बढ़ाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने में परंपराओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लेकिन समय के साथ कुछ परंपराओं ने अपना मूल उद्देश्य खो दिया और धीरे-धीरे कुप्रथाओं का रूप धारण कर लिया। आज दहेज, तिलक, मृत्यु भोज, दिखावा, अनावश्यक खर्च और विवाह समारोहों में प्रतिस्पर्धा जैसी कुरीतियां समाज के सामने गंभीर चुनौती बन गई हैं। विडंबना यह है कि इनसे परेशान हर वर्ग है, लेकिन सामाजिक दबाव के कारण इनका पालन करने से पीछे नहीं हटता।

आखिर इन कुप्रथाओं की जड़ कहां है और समाज को इनके बोझ तले दबे रहने के लिए किसने मजबूर किया है? इसका सीधा उत्तर है हमारा अज्ञान, अविवेक, अंधविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा का झूठा मोह। किसी भी परंपरा की शुरुआत समाज में व्यवस्था, सहयोग और संतुलन स्थापित करने के उद्देश्य से होती है। लेकिन जब उसका मूल भाव समाप्त हो जाता है और केवल औपचारिकता शेष रह जाती है, तब वही परंपरा समाज के लिए परेशानी का कारण बन जाती है। जिस रीति-रिवाज से परिवार आर्थिक संकट में आ जाए और व्यक्ति मानसिक तनाव महसूस करे, उस परंपरा की उपयोगिता पर विचार करना आवश्यक है।

परंपरा और कुप्रथा के बीच अंतर समझना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। जो परंपराएं समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा, संस्कार और नई चेतना का संचार करती हैं, उनका संरक्षण होना चाहिए। लेकिन जिन रीति-रिवाजों से आर्थिक नुकसान, सामाजिक भेदभाव और मानसिक पीड़ा बढ़ती है, उन्हें छोड़ने में संकोच नहीं करना चाहिए। केवल इसलिए किसी प्रथा को जारी रखना उचित नहीं है कि हमारे पूर्वज भी उसका पालन करते आए हैं। समय के साथ परिस्थितियां बदलती हैं और समाज को भी अपनी सोच बदलनी पड़ती है।

आज विवाह समारोहों में होने वाला अनावश्यक खर्च इसका बड़ा उदाहरण है। दहेज और तिलक के नाम पर परिवारों पर आर्थिक दबाव बनाया जाता है। प्री-वेडिंग शूट, महंगे रिसेप्शन, आडंबरपूर्ण आयोजन और सामाजिक प्रदर्शन की होड़ ने विवाह जैसे पवित्र संस्कार को प्रतिस्पर्धा का माध्यम बना दिया है। कई परिवार अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च केवल इसलिए करते हैं कि समाज में उनकी प्रतिष्ठा बनी रहे। दूसरी ओर मृत्यु भोज जैसी परंपराओं में शोकाकुल परिवार को सामाजिक अपेक्षाओं के कारण अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। जिस समय परिवार को सांत्वना और सहयोग की जरूरत होती है, उस समय उस पर खर्च का दबाव डालना कहां तक उचित है?

राजस्थान में अलग-अलग समाजों की ओर से इन पुरानी कुरीतियों के विरुद्ध उठाए जा रहे कदम निश्चित रूप से आशा की नई किरण हैं। कई समाजों ने सामाजिक बैठकों और सामूहिक निर्णयों के माध्यम से वर्षों पुरानी परंपराओं में बदलाव की शुरुआत की है। गोस्वामी समाज ने सोने के स्थान पर चांदी का मंगलसूत्र अपनाने का निर्णय लिया है। क्षत्रिय दर्जी समाज ने प्री-वेडिंग शूट और रिसेप्शन को लेकर नियम बनाते हुए उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान किया है। घाटोल समाज ने प्रतिवर्ष सामूहिक तीर्थयात्रा आयोजित करने का निर्णय लेकर धार्मिक एकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की पहल की है।

इसी तरह कुछ समाजों ने पाद पक्षालन और पिच्छिका परिवर्तन जैसे धार्मिक आयोजनों में बोलियां लगाने की परंपरा समाप्त करने का निर्णय लिया है। मेवाड़ सुथार समाज ने सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने और प्री-वेडिंग शूट बंद करने की दिशा में कदम उठाया है। कलाल समाज ने दूल्हों को हेलमेट देने तथा सामूहिक विवाह को अनिवार्य बनाने का निर्णय किया है। भाटिया नाई समाज ने मृत्यु भोज और प्री-वेडिंग शूट पर प्रतिबंध लगाने की पहल की है। औदीच्य समाज ने बारहवें दिन होने वाले आयोजन में उपहार वितरण पर रोक लगाकर अनावश्यक खर्च कम करने का संदेश दिया है।

इन फैसलों का महत्व केवल इतना नहीं है कि कुछ सामाजिक आयोजनों पर रोक लगाई गई है, बल्कि इनका वास्तविक महत्व समाज की सोच में बदलाव लाने में है। जब समाज के जिम्मेदार लोग आगे आकर सामूहिक निर्णय लेते हैं तो आम परिवारों को भी अनावश्यक सामाजिक दबाव से मुक्ति मिलती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है और नई पीढ़ी को यह संदेश जाता है कि सामाजिक प्रतिष्ठा का आधार धन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और मानवीय व्यवहार होना चाहिए।

हालांकि केवल प्रस्ताव पारित कर देने या जुर्माने का नियम बना देने से कुप्रथाएं पूरी तरह समाप्त नहीं होंगी। इसके लिए सामाजिक जागरूकता, आपसी सहमति और प्रत्येक परिवार की भागीदारी जरूरी है। समाज के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, धार्मिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर ऐसा वातावरण बनाना होगा, जिसमें किसी परिवार को परंपरा के नाम पर अनावश्यक खर्च करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

हमें यह भी समझना होगा कि हर पुरानी परंपरा गलत नहीं होती और हर नई सोच सही नहीं होती। किसी भी रीति-रिवाज को स्वीकार करने या छोड़ने का आधार उसकी उपयोगिता और सामाजिक हित होना चाहिए। विवेक का दीपक कभी बुझना नहीं चाहिए। आने वाली पीढ़ियां हमसे यही अपेक्षा करेंगी कि हमने उन्हें कुरीतियों का बोझ नहीं, बल्कि स्वस्थ परंपराओं और बेहतर समाज की विरासत सौंपी है।

समाज परिवर्तन की शुरुआत दूसरों से नहीं, स्वयं से करनी होगी। पहले व्यक्ति बदलेगा, फिर परिवार बदलेगा और उसके बाद समाज में परिवर्तन आएगा। राजस्थान के विभिन्न समाजों ने जो पहल की है, वह दूसरे समाजों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। कुप्रथाओं को समाप्त करना किसी एक जाति या समुदाय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। आखिरकार परंपराएं समाज को जोड़ने के लिए होती हैं, तोड़ने और आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए नहीं। जिस दिन हम अंधानुकरण छोड़कर ज्ञान, विवेक और मानवीय मूल्यों को अपनाएंगे, उसी दिन वास्तविक सामाजिक सुधार की शुरुआत होगी।

LATEST POSTS

आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाओं पर ध्यान देने की जरूरत

-अक्षिताबागेश्वर, उत्तराखंडकिसी बच्चे के स्वस्थ बचपन और किसी गर्भवती महिला के सुरक्षित मातृत्व की शुरुआत केवल अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से नहीं होती। इसके लिए...

जो पर्व हमारी स्मृति से मिट रहे हैं, उन्हें कौन बचाएगा?

दूसरों की संस्कृति का सम्मान हो, मगर अपनी माटी के विलुप्त होते पर्वों को भी उत्सव का मंच मिल- सुरेश सिंह बैस शाश्वतछत्तीसगढ़ की पहचान...

प्रेम में अचानक आया बदलाव और साथी की नैतिक जिम्मेदारी

-डा.पंकज भारद्वाजरिश्तों में दूरी बढ़ने से पहले उसके पीछे छिपे कारणों को समझना जरूरी हैप्रेम केवल एक-दूसरे के साथ रहने, बातें करने या अपनी भावनाएं...