-नेपाल के नए प्रधानमंत्री भारत आए, रिश्ता वही रहा—बस अब ‘समझौतों’ की गारंटी भी चाहिए
-सचिन कुमार गौतम
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 22–23 नवंबर 2026 की भारत यात्रा केवल एक प्रोटोकॉल संबंधी दौरा नहीं थी; यह दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश थी। यह उनकी प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली आधिकारिक विदेश यात्रा थी, जिसमें वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले। इस दौरान दोनों देशों ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के साझा विजन दस्तावेज को अपनाया, जो आगे की साझेदारी का रोडमैप तैयार करता है।
बालेन शाह की यात्रा का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ जून 2024 में प्रधानमंत्री मोदी के शपथग्रहण समारोह में भारत आए थे, जबकि केपी शर्मा ओली ने अपने कार्यकाल में भारत की द्विपक्षीय यात्रा नहीं की थी। इस संदर्भ में बालेन शाह का दौरा नेपाल की नई राजनीतिक परिस्थिति के बाद भारत-नेपाल संबंधों को फिर से सक्रिय करने का संकेत माना जा सकता है।
नेपाल में हाल के वर्षों में युवाओं की आर्थिक असंतोष, भ्रष्टाचार के प्रति नाराजगी और पुरानी राजनीतिक व्यवस्था से निराशा ने बड़े बदलाव की मांग पैदा की। इसी परिस्थिति में काठमांडू के पूर्व मेयर और युवाओं में लोकप्रिय बालेन शाह को नेतृत्व का अवसर मिला। उनसे नेपाल की युवा पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, रोजगार, पारदर्शिता, बुनियादी ढांचा और तेज आर्थिक विकास की अपेक्षाएं हैं। यही कारण है कि उनकी भारत यात्रा को नेपाल के लिए सिर्फ कूटनीतिक मुलाकात नहीं, बल्कि विकास साझेदारी का अवसर भी माना जा रहा है।
भारत और नेपाल के बीच संबंध केवल सरकारों के बीच नहीं हैं। खुली सीमा, साझा संस्कृति, भाषा, धर्म, परिवारिक रिश्ते और रोजमर्रा के आर्थिक लेन-देन ने दोनों देशों की जनता को विशेष रूप से जोड़ा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में कई परिवारों के रिश्तेदार दूसरे देश में रहते हैं। इसलिए ‘रोटी-बेटी के संबंध’ कहना केवल भावनात्मक बात नहीं, बल्कि वास्तविक सामाजिक यथार्थ है।
दोनों देशों के नेताओं ने भी स्वीकार किया कि भारत-नेपाल संबंध सदियों पुरानी सभ्यतागत निकटता और गहरे जन-संपर्क पर आधारित हैं। यही कारण है कि नेपाल में सत्ता किसी भी राजनीतिक दल के पास रही हो, दोनों देशों के बीच आम लोगों का आपसी जुड़ाव बना रहा है। बालेन शाह ने भारत-नेपाल संबंधों को हिमालय जितना मजबूत और महासागर जितना विशाल बताया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने इसे केवल पड़ोस का नहीं, अपनेपन और विश्वास का रिश्ता कहा।
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। नेपाल को ईंधन, दवाइयां, कच्चा माल, उपभोक्ता वस्तुएं, परिवहन मार्ग और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए भारतीय बाजार व बंदरगाहों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसके विपरीत, भारत के लिए नेपाल हिमालयी क्षेत्र में सुरक्षा, संपर्क, ऊर्जा और क्षेत्रीय स्थिरता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसलिए दोनों देशों का हित इस बात में निहित है कि व्यापार और निवेश के नियमों को आधुनिक बनाया जाए, पारगमन की सुविधा बढ़े और बुनियादी ढांचे का विकास हो। साझा विजन दस्तावेज में व्यापार एवं निवेश संबंधी ढांचों की समीक्षा करके अधिक व्यापक आर्थिक साझेदारी बनाने पर जोर दिया गया है।
नेपाल के पास जल संसाधनों की भारी क्षमता है, लेकिन उसे बिजली उत्पादन, निवेश, तकनीक और बाजार की आवश्यकता है। भारत इस क्षेत्र में नेपाल के लिए प्राकृतिक साझेदार है। दोनों पक्षों ने जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग और दीर्घकालिक बिजली व्यापार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने नेपाल में भारतीय कंपनियों की भागीदारी का स्वागत किया और चल रही जलविद्युत परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर सहमति बनाई।
कनेक्टिविटी भी इस यात्रा का बड़ा विषय रही। दोनों देशों ने अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की। यह कदम धार्मिक पर्यटन को बढ़ाने के साथ-साथ रेल संपर्क के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। इसके अलावा हवाई संपर्क, सड़क, पारगमन और डिजिटल कनेक्टिविटी पर भी ध्यान दिया गया।
‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ विजन दस्तावेज की खास बात यह है कि उसमें केवल सरकारी सहयोग नहीं, बल्कि युवाओं की आकांक्षाओं को केंद्र में रखा गया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, पर्यटन, डिजिटल सेवाएं, स्टार्टअप, अंतरिक्ष तकनीक, नवाचार, जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन शामिल हैं।
दोनों देशों ने कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया, जिनमें कृषि औद्योगिक पार्क, नेपाल में आईआईटी कैंपस, स्वास्थ्य सेवा, आयुर्वेद, पुलिस एवं प्रशासनिक क्षमता निर्माण, उपग्रह संचार और शहरी विकास शामिल हैं। ये पहल तभी सार्थक होंगी, जब इनका लाभ नेपाल के युवाओं तक रोजगार, कौशल, शिक्षा और उद्यमिता के रूप में पहुंचे।
पिछले कुछ वर्षों में चीन का नेपाल में बढ़ता प्रभाव भारत के लिए चिंता का विषय रहा है। चीन ने नेपाल में अवसंरचना, ऊर्जा और व्यापारिक परियोजनाओं में निवेश किया है। नेपाल के कुछ वामपंथी नेताओं का झुकाव भी चीन की ओर देखा गया है। इससे भारत-नेपाल संबंधों में समय-समय पर तनाव और संदेह बने रहे हैं।
लेकिन बालेन शाह की यात्रा यह संदेश देती है कि नेपाल अपने विकास हितों के लिए भारत के साथ व्यावहारिक साझेदारी चाहता है। भारत के लिए यह अवसर है कि वह नेपाल को केवल सुरक्षा दृष्टि से नहीं, बल्कि विकास, ऊर्जा, शिक्षा, तकनीक और रोजगार के विश्वसनीय साझेदार के रूप में देखे। इससे नेपाल के लिए चीन पर अत्यधिक निर्भरता कम करने का विकल्प भी मिलेगा।
भारत-नेपाल संबंधों में सबसे संवेदनशील मुद्दा सीमा विवाद है। कालापानी, लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और सुस्ता क्षेत्रों को लेकर मतभेद लंबे समय से चले आ रहे हैं। ये मुद्दे दोनों देशों की जनता में भावनात्मक प्रतिक्रिया पैदा करते हैं और राजनीतिक बयानबाजी से जटिल होते रहे हैं।
अब जरूरत है कि दोनों पक्ष इन मुद्दों को कूटनीतिक बातचीत, पारस्परिक सम्मान और शांतिपूर्ण समाधान के रास्ते पर लाएं। साझा विजन में यह भी स्वीकार किया गया है कि मौजूदा द्विपक्षीय समझौतों, जिनमें 1950 की शांति एवं मैत्री संधि शामिल है, की आपसी सहमति से समीक्षा की जा सकती है। यह संकेत है कि दोनों देश पुराने ढांचों को वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक और तकनीकी यथार्थ के अनुसार आगे बढ़ाने की सोच रखते हैं।
बालेन शाह की यात्रा ने भारत-नेपाल संबंधों में नई गर्मजोशी लौटाने का अवसर बनाया है। लेकिन असली परीक्षा अब कार्यान्वयन की है। घोषणाएं तभी अर्थपूर्ण होंगी, जब जलविद्युत परियोजनाएं समय पर पूरी हों, रेल और सड़क संपर्क विस्तृत हों, व्यापार में बाधाएं घटें और शिक्षा-स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हों।
नेपाल को अपने युवाओं के लिए रोजगार और अवसर चाहिए, जबकि भारत को एक स्थिर, समृद्ध और मित्र नेपाल चाहिए। दोनों देशों के हित इसी में हैं कि वे विवादों को बढ़ाने के बजाय सहयोग को बढ़ाएं। यदि ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ का विजन केवल कागज पर न रहकर व्यावहारिक परिणाम में बदले, तो यह यात्रा भारत-नेपाल संबंधों के लिए एक नए अध्याय की नींव बन सकती है।
