कोलकाता, 23 नवंबर (वेब वार्ता)। हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा अभी भी खतरे से बाहर नहीं हैं। हालांकि, उनकी शारीरिक स्थिति में कोई नई गिरावट नहीं आई है, लेकिन कोई उल्लेखनीय सुधार भी नहीं हुआ है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध विषाक्तता के कारण विधायक के मुंह में अत्यधिक लार जमा हो गई थी। पूरी तरह से होश में न होने के कारण वह लार उनके फेफड़ों में चली गई है, जिससे ऑक्सीजन की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है। सीटी स्कैन की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि रेखा पात्रा का रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), क्रिएटिनिन और यूरिया का स्तर फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि, शरीर में पोटैशियम का स्तर बढ़ा हुआ है, जिसे सामान्य करने के लिए आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे हिंगलगंज स्थित अपने आवास पर रेखा पात्रा अचानक बीमार पड़ गईं। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां लगभग चार घंटे तक उनका इलाज चला, लेकिन स्थिति में सुधार न होता देख शनिवार देर रात तीन बजे उन्हें कोलकाता स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।
अस्पताल के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि विधायक के पेट में विषाक्त ‘हर्बल लार्विसाइड’ (वनस्पति कीटनाशक) चला गया है। यह भी बताया कि वह अर्धचेतन अवस्था में थीं और पुकारने पर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दे रही थीं। इसके बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार सुबह उनकी हालत काफी गंभीर थी। हालांकि, बाद में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने बताया कि विधायक की स्थिति पहले से बेहतर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विषाक्तता की बात अभी आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं हुई है और नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि, रेखा पात्रा ने संदेशखाली में तृणमूल नेताओं के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वे चुनाव नहीं जीत सकी थीं। बाद में 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने हिंगलगंज सीट से जीत दर्ज कर विधायक का पद संभाला। कुछ दिन पहले ही उन्होंने जिला नेतृत्व के एक वर्ग के प्रति नाराजगी जताते हुए शिकायत की थी कि उन्हें जिले के कार्यक्रमों में आमंत्रित नहीं किया जाता। फिलहाल, उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी के भीतर गहरी चिंता का माहौल है।




