-

*सड़क हादसों पर लगाम कब लगेगी आखिर कब समझेंगे लोग अपनी जिंदगी और परिवार की कीमत*

-*कांतिलाल मांडोत*

सड़क दुर्घटनाएं आज देश के सामने एक गंभीर समस्या बन चुकी हैं। हर दिन समाचार पत्रों और समाचार माध्यमों में कहीं न कहीं सड़क हादसों की खबरें पढ़ने और देखने को मिलती हैं। कहीं तेज रफ्तार ने किसी परिवार का सहारा छीन लिया तो कहीं नशे में वाहन चलाने वाले की लापरवाही ने कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। इन दुर्घटनाओं में केवल एक व्यक्ति की जान नहीं जाती, बल्कि उसके साथ पूरे परिवार के सपने, उम्मीदें और भविष्य भी प्रभावित होते हैं। सबसे दुखद बात यह है कि इन हादसों के पीछे ज्यादातर कारण ऐसे होते हैं, जिनसे बचा जा सकता है। इसके बावजूद सड़क पर लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

देश में सड़क सुरक्षा को लेकर कई प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों और बड़े शहरों में हजारों आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी पहले की तुलना में कई गुना बढ़े हैं। जुर्माने की राशि में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार चिंता बढ़ा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2014 से 2018 के बीच पांच वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 7.36 लाख लोगों की मौत हुई, जबकि 2020 से 2024 के बीच यह संख्या बढ़कर 8.04 लाख तक पहुंच गई। यानी निगरानी और जुर्माने की सख्ती के बावजूद मौतों में करीब 9.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह स्थिति बताती है कि केवल कैमरे लगाने और चालान काटने से सड़क दुर्घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकती।

इस समस्या का एक बड़ा कारण सड़क सुरक्षा के उपायों का सही जगह पर नहीं पहुंचना भी है। राष्ट्रीय राजमार्गों और बड़े शहरों में निगरानी के साधन उपलब्ध हैं, लेकिन राज्य राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों पर आज भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। आंकड़े बताते हैं कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली लगभग 63.5 प्रतिशत मौतें राज्य राजमार्गों और ग्रामीण मार्गों पर होती हैं। ऐसे में जरूरी है कि सड़क सुरक्षा की योजनाएं केवल बड़े शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों तक सीमित नहीं रहें। गांवों को जोड़ने वाली सड़कों, छोटे कस्बों और राज्य राजमार्गों पर भी निगरानी, संकेतक, रोशनी और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए।

सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण तेज रफ्तार है। कई वाहन चालक सड़क को अपनी निजी संपत्ति समझकर वाहन दौड़ाते हैं। उन्हें न अपनी जान की चिंता रहती है और न सामने से आने वाले वाहन में बैठे लोगों की। कुछ लोग शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करके वाहन चलाते हैं। यह केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालने जैसा है। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, गलत दिशा में गाड़ी ले जाना, बिना हेलमेट दोपहिया चलाना और सीट बेल्ट नहीं लगाना भी दुर्घटनाओं के खतरे को बढ़ाता है। आरटीओ के नियम स्पष्ट हैं, लेकिन सड़कों पर इन नियमों की धज्जियां उड़ती दिखाई देती हैं। नियम बनाने का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी कई अवसरों पर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर चिंता व्यक्त कर चुके हैं। उनका कहना है कि सड़क पर दुर्घटनाओं के दृश्य देखकर मन विचलित हो जाता है। दुर्घटनाओं में परिवार के परिवार उजड़ जाते हैं। यह चिंता केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की होनी चाहिए। जब किसी घर का कमाने वाला सदस्य दुर्घटना का शिकार होता है तो पीछे रह गए माता-पिता, पत्नी और बच्चों के सामने जीवनभर का संकट खड़ा हो जाता है। किसी परिवार का इकलौता बेटा चला जाता है तो बूढ़े माता-पिता की उम्मीदें टूट जाती हैं। किसी घर का पिता दुर्घटना में अपनी जान गंवा देता है तो छोटे बच्चों का भविष्य अनिश्चित हो जाता है। क्या कुछ मिनट पहले पहुंचने की जल्दबाजी इतनी बड़ी कीमत वसूलने योग्य है?

सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सरकार, प्रशासन और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। सबसे पहले दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करके वहां सड़क की बनावट में सुधार करना चाहिए। जहां बार-बार हादसे होते हैं, वहां उचित संकेतक, रोशनी, गति सीमा और अन्य सुरक्षा उपाय जरूरी हैं। सड़कों पर अवैध कट, खराब मोड़, गड्ढे और बिना संकेत वाले निर्माण कार्य भी दुर्घटनाओं को न्योता देते हैं। इनकी समय पर मरम्मत होनी चाहिए। चालान काटने की व्यवस्था के साथ उसका निपटारा भी आसान बनाया जाए, ताकि दूसरे राज्यों में जारी चालानों का भुगतान वाहन मालिक अपने जिले से कर सकें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निष्पक्ष और नियमित कार्रवाई होनी चाहिए।

इसके साथ ही वाहन चालकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। माता-पिता अपने बच्चों को कम उम्र में वाहन चलाने की अनुमति न दें। युवाओं को भी यह समझना चाहिए कि तेज रफ्तार दिखाना बहादुरी नहीं है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति से वाहन चलाना और नशे की हालत में वाहन से दूर रहना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लंबी यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की जांच करवानी चाहिए और थकान होने पर आराम करना चाहिए। सड़क पर पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों के प्रति भी सावधानी रखनी चाहिए।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हर वाहन चालक घर से निकलते समय अपने परिवार का चेहरा याद रखे। घर में माता-पिता, पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा करते हैं। सड़क पर की गई कुछ क्षणों की लापरवाही पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे सकती है। इसलिए वाहन धीरे चलाइए, यातायात नियमों का पालन कीजिए और दूसरों की जिंदगी का भी सम्मान कीजिए। सड़क किसी की रफ्तार दिखाने का मैदान नहीं है। मंजिल पर कुछ मिनट देर से पहुंचना कोई नुकसान नहीं, लेकिन सुरक्षित घर लौटना सबसे बड़ी उपलब्धि है। आखिर जिंदगी अनमोल है और इसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती। अपनी जान की फिक्र कीजिए, अपने परिवार की खुशियों की रक्षा कीजिए और सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाइए।

LATEST POSTS

*राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं संस्कारवान नागरिक और जागरूक युवा पीढ़ी*

-*कांतिलाल मांडोत*किसी भी राष्ट्र की पहचान केवल उसकी सीमाओं, विशाल भूभाग, आर्थिक संपन्नता और सैन्य शक्ति से नहीं होती, बल्कि उसकी वास्तविक पहचान वहां के...

भारतीय कृषि का बदलता स्वरूप-किसान की चुनौतियां, सरकारी नीतियां और आत्मनिर्भरता का भविष्य

-सौरभ वार्ष्णेयभारत को कृषि प्रधान देश कहा जाता है, लेकिन भारतीय कृषि की वास्तविक स्थिति आज अनेक चुनौतियों और बदलावों के दौर से गुजर रही...

होटलों की आड़ में देह व्यापार

(कानून सो रहा है, कारोबार फल रहा है!)- डॉ. सत्यवान सौरभशहरों की चमकती सड़कों, आलीशान होटलों और आधुनिक जीवनशैली के बीच यदि शोषण का कारोबार...