नई दिल्ली, 13 नवंबर (वेब वार्ता)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने बहस की चुनौती देते हुए दावा किया कि इस बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।
उन्होंने कहा कि वह भाषण के बजाय दोनों नेताओं के बीच सीधी और खुली चर्चा चाहते हैं।
राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सत्र में कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ आमने-सामने बैठकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं।
उन्होंने बहस के लिए एक प्रारूप का सुझाव देते हुए कहा कि बीच में एक मेज होगी, एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी बैठेंगे और दूसरी तरफ वह स्वयं बैठेंगे।
उन्होंने कहा, ”नरेन्द्र मोदी ने मेरे ऊपर आरोप लगाया है और मैं उन पर आरोप लगा रहा हूं। इसलिए मैं कह रहा हूं कि वह सामने आएं और बहस करें।”
राहुल गांधी ने तंज भरे लहजे में कहा कि अगर प्रधानमंत्री इस बहस के लिए उद्योगपति गौतम अदाणी को या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाना चाहते हैं तो उन्हें इससे भी कोई आपत्ति नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह संसद में भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जाता। उनका आरोप है कि संसद में बोलने के दौरान उनका माइक बंद कर दिया जाता है।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें चीन के मुद्दे और पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की पुस्तक से जुड़े विषयों पर भी बोलने नहीं दिया जाता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह प्रधानमंत्री के साथ भाषणों के जरिये नहीं, बल्कि आमने-सामने बैठकर बहस करना चाहते हैं। राहुल गांधी ने दावा किया, ”मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।”




