राज्यउत्तर प्रदेशसामाजिक कार्यकर्ता अशोक तिवारी ने बांटी दीपावली राहत...

सामाजिक कार्यकर्ता अशोक तिवारी ने बांटी दीपावली राहत किट, वृद्धों व असहायों के खिले चेहरे

मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य महेंद्र पाल सिंह ने समाज सेवा की भावना को सराहा, सर्दियों में कंबल बांटने के कार्य को भी याद किया

लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
कछौना, हरदोई। विकासखंड कछौना के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा व ग्राम मरेउरा में त्यौहारों की खुशियाँ उस समय दोगुनी हो गईं, जब क्षेत्र के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और ठेकेदार अशोक तिवारी ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की। बृहस्पतिवार को उन्होंने दीपावली एवं धनतेरस के पावन पर्व के मद्देनजर अपने निजी आवास (ग्राम मरेउरा) पर एक विशाल राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक अशोक तिवारी द्वारा आए हुए अतिथियों का माल्यार्पण व स्वागत सत्कार कर किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य महेंद्र पाल सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उद्योग केंद्र से सेवानिवृत्त रामचंद्र गुप्ता, भाजपा नेता भैया लाल द्विवेदी व भूतपूर्व ग्राम प्रधान (पुरवा) बाबू सिंह मौजूद रहे।महंगाई के इस दौर में जहां गरीब परिवारों के लिए त्यौहार मनाना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, वहीं अशोक तिवारी की इस सहृदयता ने ग्रामीणों को बड़ी राहत दी है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लगभग 150 गरीब, असहाय और वृद्ध लोगों को ‘सप्रेम किट’ भेंट की गई। प्रत्येक जरूरतमंद को सौंपे गए थैले में त्यौहार मनाने के लिए आवश्यक सामग्रियां चीनी, मिट्टी के दीपक, मोमबत्ती, चूरा और पारंपरिक गटिया शामिल थीं। जैसे ही बुजुर्गों और असहाय लोगों के हाथों में राहत किट आई, उनके चेहरों पर संतोष की लहर दौड़ गई और कई बुजुर्गों ने भावुक होकर अशोक तिवारी को लंबी उम्र व तरक्की का आशीर्वाद दिया। मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य महेंद्र पाल सिंह ने अपने संबोधन में आयोजक सहित सभी का अभिवादन किया। उन्होंने कहा, “ऐसे पुनीत कार्यक्रम करने के लिए मन में सच्ची जिज्ञासा और सेवा की भावना होनी चाहिए। धनवान तो दुनिया में बहुत लोग हैं, लेकिन दिल खोलकर खर्च करने वाले कम ही होते हैं। यह जनसेवा इनकी दूसरी बड़ी सेवा है। इससे पहले सर्दियों में भी इन्होंने बड़े स्तर पर कंबल वितरण का सराहनीय कार्य किया था। ऐसे संवेदनशील लोगों के क्षेत्र में आगे आने पर आप सभी ग्रामीणों का यह दायित्व है कि अपना पूरा समर्थन और आशीर्वाद इन्हें जरूर दें।” विशिष्ट अतिथि रामचंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से न सिर्फ जनसेवा होती है, बल्कि समाज के हर वर्ग से सीधे संवाद करने का मौका मिलता है, जिससे आपसी भाईचारा मजबूत होता है। इनके इन प्रयासों से शोषित और वंचित लोगों में एक नया आत्मविश्वास जागता है। इस मौके पर भावुक होते हुए आयोजक अशोक तिवारी ने कहा कि त्यौहारों का असली आनंद सबके साथ मिलकर खुशियां बांटने में ही निहित है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के घर में भी दीपावली का दीया सम्मान के साथ जले, यही इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र की जनता की सेवा में तत्पर रहेंगे। इस वितरण कार्यक्रम के दौरान सभी की गरिमा/सम्मान का पूरा ध्यान रखा गया। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -