अमर विहार में मेयर ने झाड़ू लगाकर चलाया सफाई अभियान, नागरिकों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
जगाधरी।(संजीव ओबरॉय) स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 3 की अमर विहार कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें मेयर सुमन बहमनी ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में वार्ड पार्षद जयंत स्वामी, सफाई निरीक्षक सचिन कंबोज, स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार और स्थानीय निवासियों ने भी पूरी कॉलोनी की सभी गलियों की सफाई की और कचरे का उठान किया।
अभियान के दौरान मेयर और निगम की टीम ने क्षेत्र में सफाई की तथा लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा सड़कों और खाली स्थानों पर न फेंकें तथा नगर निगम के सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए जरूरी है कि हर व्यक्ति अपने घर के साथ-साथ गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी ध्यान रखे। सफाई के लिए केवल विशेष अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि नागरिक गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और घरेलू कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन को सौंपें। जन सहयोग से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। सफाई अभियान के बाद मेयर ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।
फोटो कैप्शन – अमर विहार में झाड़ू लगाती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।




