पेशावर (खैबर पख्तूनख्वा) पाकिस्तान, 06 अक्टूबर (वेब वार्ता)। खैबर पख्तूनख्वा (केपी) के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने मंगलवार को चेतावनी दी है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के इस्लामाबाद लॉन्ग मार्च को पंजाब के अटक से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीटीआई के मार्च को हर हाल में अटक में रोक दिया जाएगा। अटक की सीमा केपी से सटी हुई है।
डान की रिपोर्ट के अनुसार केंद्र सरकार की चेतावनी के बावजूद विपक्षी पीटीआई का मार्च जारी है। केंद्र ने इस्लामाबाद में किसी भी तरह की भीड़ जमा होने से रोकने का संकल्प लिया है। इस मार्च का मकसद जेल में बंद पीटीाई संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को तेज करना है। पीटीआई ने संघीय सरकार के साथ सप्ताहांत हुई बातचीत के आतंकवाद-रोधी नीति पर विफल रहने के बाद मार्च शुरू करने का फैसला किया।
राज्यपाल ने कहा कि केपी के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के नेतृत्व में जारी मार्च का लक्ष्य 8 अक्टूबर तक पंजाब की सीमा से सटे खैराबाद पहुंचना है। यहां मुख्यमंत्री अगली योजना की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अटक से आगे नहीं जा सकते। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि मार्च को अटक से एक कदम आगे बढ़ाने की कोशिश करके तो देखें। राज्यपाल ने कहा, वे दावा करते हैं कि उनके साथ 20 लाख लोग हैं । हमें लोग दिखाएं। उनमें इतनी क्षमता नहीं है।
कुंडी ने कहा कि प्रांत आतंकवाद से जूझ रहा है और मुख्यमंत्री इसके बजाय इस्लामाबाद तक मार्च करना चाहते हैं। राज्यपाल ने कहा कि पेशावर में हाल में गृहमंत्री मोहसिन नकवी के साथ बैठक में पीटीआई के लॉन्ग मार्च के संबंध चर्चा हुई। उन्होंने आतंकवादी घटनाओं पर चुप रहने के लिए पीटीआई के नेतृत्व वाली केपी सरकार की आलोचना की। कुंडी ने कहा, जब केंद्र सरकार उग्रवाद के खिलाफ उनसे समर्थन मांगती है, तो वे कहते हैं कि सेना को प्रांत छोड़ देना चाहिए और हमें अफगानिस्तान के साथ बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने जेल में बंद पीटीआई संस्थापक इमरान खान पर आरोप लगाया कि उन्होंने अतीत में केपी में उग्रवादियों को बसाया।
उधर, सोमवार रात कोहाट की लाची तहसील पहुंचने पर मुख्यमंत्री अफरीदी ने पीटीआई समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी का संघर्ष लंबा है। इसके लिए धैर्य और सतत एकता की जरूरत है। उन्होंने कहा, हमें खुद को थकाना नहीं चाहिए। हमारा संघर्ष लंबा है। 8 अक्टूबर से एक टी20 मैच शुरू होगा। मुख्यमंत्री का मार्च रातभर कोहाट में रुका और आज दोपहर तीन बजे पेशावर की ओर जाने की योजना है।
मुख्यमंत्री अफरीदी का कारवां 7 अक्टूबर की दोपहर को पेशावर के बुध बैर से निकलेगा और रात चारसड्डा इंटरचेंज के पास बिताएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी अगली दोपहर आगे बढ़ेंगे और 8 अक्टूबर की रात खैराबाद में बिताएंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने संघीय राजधानी इस्लामाबाद तक की यात्रा के आखिरी चरण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और कहा कि अगले चरण की योजना खैराबाद में बताई जाएगी। उधर, मार्च को देखते हुए कराची में पुलिस ने जगह-जगह जवानों को तैनात किया है।




