निशिन, 03 अक्टूबर (वेब वार्ता)। एशियन गेम्स 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जा रहा है। गोल्ड मेडल के लिए खेले जा रहे मुकाबले में ईशान किशन ने 18 गेंदों में 20 रन बनाए। भले ही ईशान इस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, लेकिन उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है।
ईशान किशन ने साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में एक हजार रन पूरे करने वाले महज दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं।
ईशान इस साल अब तक 169 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,005 रन बना चुके हैं। ईशान से पहले यह कारनामा सूर्यकुमार यादव ने किया है, जिन्होंने साल 2022 में 187 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,164 रन बनाए थे। एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रिया के खिलाड़ी करणबीर सिंह के नाम है, जिन्होंने साल 2025 में 174 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,472 रन बनाए थे। वहीं, मोहम्मद रिजवान ने 2021 में 1,326 रन बनाए थे।
भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा एक बार फिर बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 28 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 61 रनों की तूफानी पारी खेली।
वहीं, तिलक वर्मा बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। अपनी इस पारी में तिलक ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए।
संजू सैमसन भी महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर भी संघर्ष करते नजर आए। अय्यर 24 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 21 रन ही बना सके।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में अराफात मिन्हास ने 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, तो अहमद दानियाल ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।




