लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वृद्धजनों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और शोषण के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम अल्लीपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई की प्रभारी सचिव/सिविल जज स्मिता गोस्वामी के निर्देश तथा तहसील विधिक सेवा समिति सदर के सचिव/तहसीलदार सचिन्द्र कुमार शुक्ला के निर्देशन में हुआ। शिविर की अध्यक्षता वृद्धाश्रम की प्रबंधिका पूजा ने की।
पीएलवी अमित कुमार सिंह ने वृद्धजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के भेदभाव, उपेक्षा, दुर्व्यवहार अथवा शोषण का सामना करने पर वे विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध 14567 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर की जानकारी देते हुए इसके माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।
पीएलवी कीर्ति कश्यप ने वृद्धजनों को उपलब्ध अन्य कानूनी एवं राहत संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित संस्थाओं से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
शिविर में मौजूद वृद्धजनों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया। डॉ. एसके पाण्डेय ने साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। आनंद विषारद सहित वृद्धाश्रम का स्टाफ भी मौजूद रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को यह भरोसा दिलाना रहा कि उपेक्षा, शोषण या किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में उनके लिए कानूनी सहायता और संरक्षण के रास्ते उपलब्ध हैं।
वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर, अधिकारों और सुरक्षा की दी जानकारी

- Advertisement -



