दो प्रतिष्ठानों पर जड़े ताले, कई संचालक हुए नदारद; पंजीकरण के अभिलेख दिखाने को दो दिन की मोहलत
रामनिवास शर्मा
अल्हागंज, शाहजहांपुर। बिना पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों के संचालित निजी क्लीनिक, जांच लैब और अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को फिर अभियान चलाया। नोडल अधिकारी डॉ. इरफान खान ने पुलिस टीम के साथ कस्बे से हुल्लापुर चौराहे तक कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई संचालक शटर गिराकर मौके से नदारद हो गए।

बगिया मोहल्ले में एक क्लीनिक पर मरीजों की भीड़ मिली। संचालक ने पंजीकरण होने का दावा किया, लेकिन मौके पर अभिलेख नहीं दिखा सका। वहां चिकित्सकीय कचरे के निस्तारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। डस्टबिन में इस्तेमाल इंजेक्शन, पट्टियां व अन्य सामग्री मिली। संचालक को दो दिन में दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने एक जांच लैब पर पहुंचकर ताला लगाया। मौके पर पहुंचे संचालक से भी अभिलेख मांगे गए। अंदर दो युवक भी मिले। हुल्लापुर चौराहे पर एक्सरे सेंटर बंद मिला, जिस पर ताला लगाकर नोटिस चस्पा किया गया।
नोडल अधिकारी ने बताया कि छह संचालकों के खिलाफ पहले ही एफआईआर के आदेश दिए जा चुके हैं। बिना पंजीकरण संचालित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।




