कुशीनगर 29 सितम्बर। कुशीनगर जिले में आज मंगलवार को नीति आयोग, भारत सरकार के निदेशक मनीष कुमार विमल ने ग्राम पंचायत पड़री पिपरपाती का भ्रमण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जमीनी स्थिति का स्थलीय आकलन किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण करते हुए एनक्यूएएस (NQAS) की स्थिति, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आमजन को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं मरीजों को मिल रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया। इसके उपरांत निदेशक ने उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में बालक-बालिकाओं के लिए उपलब्ध पृथक शौचालय की व्यवस्था, स्मार्ट क्लास एवं अन्य शैक्षिक सुविधाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शिक्षण वातावरण की जानकारी ली। विद्यालय के बच्चों द्वारा जल की गुणवत्ता परीक्षण का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे निदेशक द्वारा देखा गया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की गई।
निदेशक ने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बच्चों के पोषण एवं आंगनवाड़ी केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के क्रम में पंचायत भवन में संचालित सेवा संकल्प अभियान का भी अवलोकन किया गया। यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के लाभार्थियों एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसके पश्चात निदेशक ने ग्राम पंचायत में स्थापित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा वहां अध्ययनरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी तैयारियों, अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
भ्रमण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार, खण्ड विकास अधिकारी अखंड प्रताप, शोधार्थी प्रवीण अग्निहोत्री सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कुशीनगर में नीति आयोग के निदेशक ने ग्राम पंचायत पड़री पिपरपाती में योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का किया स्थलीय आकलन

- Advertisement -



