लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई 20 सितम्बर( वेबवार्ता) क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था और लगातार हो रही अघोषित कटौती से त्रस्त ग्रामीणों का रविवार को गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीण बनियन खेड़ा पावर स्टेशन (विद्युत उपकेंद्र तेरवा दहिंगवा) पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी तो पावर स्टेशन से जुड़े गांवों के लोग अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए पहले भी उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया था। विभाग की ओर से व्यवस्था सुधारने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। किसानों के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ताओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पावर स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों को उच्चाधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो पावर स्टेशन से जुड़े सभी क्षेत्रों के ग्रामीण एकजुट होकर बनियन खेड़ा विद्युत उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों की होगी। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में सुधार, अघोषित कटौती पर रोक और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में बेहसार की प्रधान पूनम वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि शिवाजी वर्मा, अर्जुन वर्मा, राजेश कुमार सिंह, विवेक कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं किसान मौजूद रहे।




