राज्यउत्तर प्रदेशकछौना में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे,...

कछौना में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे, भव्य झांकियों संग बप्पा को दी विदाई

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई 20 सितम्बर (वेबवार्ता) ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों पर थिरकते श्रद्धालु, रंग-गुलाल से सराबोर माहौल और आकर्षक झांकियों के बीच कछौना में गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी गई। श्री सोमेश्वर महादेव सेवादार समिति के तत्वावधान में आयोजित गणेश महोत्सव के सप्तम दिवस भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाम को शुरू हुई शोभायात्रा देर तक नगर में आस्था और उल्लास का रंग बिखेरती रही।
गणेश महोत्सव स्थल गोल बिल्डिंग पर नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमण उर्फ पंकज शुक्ल ने सपत्नीक विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कछौना के महाराजा गणपति गजानन की सांध्यकालीन आरती की। इसके बाद राजस्थान से आए कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। श्रीकृष्ण-राधा की झांकी, बाहुबली हनुमान, मां वैष्णो देवी, बांके बिहारी और गंगा मां की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
इसके बाद गणपति बप्पा की प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। शोभायात्रा रेलवेगंज स्थित दुर्गा मंदिर होते हुए गौसगंज रोड स्थित शारदा नहर पहुंची। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। महिलाएं और पुरुष ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू फिर आना’ के जयघोष के साथ भक्ति में सराबोर रहे। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर गणपति उत्सव की खुशियां साझा कीं।
शारदा नहर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। बप्पा की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखों में भावुकता और चेहरे पर अगले वर्ष फिर गणपति के आगमन की उम्मीद नजर आई।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य विशाल गुप्ता, राधारमण उर्फ पंकज शुक्ल, अनूप सिंह, सुशील अग्निहोत्री, क्रांतिवीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -