मेरठ निवासी कुंवर बासित अली को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश के किठौर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले बासित अली ने संगठन में करीब डेढ़ दशक के सफर में जिला स्तर से राष्ट्रीय नेतृत्व तक अपनी जगह बनाई है।
India is safe for Muslims says Basit Ali My job is to bring Muslims in the BJP fold adds Ali.

बासित अली ने वर्ष 2011 में भाजपा में जिला सह-मीडिया प्रभारी के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया। इसके बाद जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2012 में उन्हें भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया। संगठन में सक्रिय भूमिका के चलते आगे उन्हें मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का क्षेत्रीय संयोजक और फिर अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व मिले।
बासित अली उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के सदस्य भी रह चुके हैं। उर्दू भाषा-साहित्य से जुड़े मुद्दों के अलावा वह जमीनी स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। मदरसों में योग को बढ़ावा देने और ‘मोदी मित्र’ जैसे अभियानों के संचालन में भी उनकी भूमिका रही है।
लोकसभा चुनाव में महिला एजेंटों की पहल
लोकसभा चुनाव के दौरान मुस्लिम बहुल मतदान केंद्रों पर बुर्कानशीं महिला मतदाताओं की पहचान को लेकर भी बासित अली ने पहल की। उनके अनुसार, फर्जी मतदान की आशंका को रोकने और महिला मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए मुस्लिम महिला एजेंटों की तैनाती की गई। इस अभियान के तहत करीब 5,000 मुस्लिम महिलाओं को प्रशिक्षण दिए जाने का दावा किया गया।
बासित अली की नई जिम्मेदारी ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब भाजपा अल्पसंख्यक समुदायों के बीच संगठनात्मक पहुंच और संवाद को मजबूत करने पर जोर दे रही है। मेरठ से शुरू हुआ उनका संगठनात्मक सफर अब भाजपा के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चे की कमान तक पहुंच गया है।
मेरा काम है विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे इस भ्रम को दूर करना कि बीजेपी मुसलमानों के लिए नहीं है। मेरा काम है कि बड़ी संख्या में मुसलमान बीजेपी से जुड़ें, क्योंकि बीजेपी और मोदी जी दोनों ही अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए काम करते हैं। कुंवर बासित अली कहते हैं— “भारत हमारा भी है और हमारा ही रहेगा।”
भारत मुसलमानों के लिए एक सुरक्षित देश है – बासित अली




