नई दिल्ली, 02 अगस्त (वेब वार्ता)। ड्रामाटर्जी आर्ट्स एंड कल्चर सोसायटी द्वारा आयोजित “ड्रामाटर्जी स्टूडियो थिएटर फेस्टिवल 2026” का सफलतापूर्वक आयोजन ड्रामाटर्जी स्टूडियो, लक्ष्मी नगर, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस रंगोत्सव में विविध विषयों पर आधारित चार प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियों का मंचन किया गया, जिन्हें दर्शकों ने भरपूर सराहना एवं उत्साहपूर्ण प्रतिसाद दिया।
महोत्सव के प्रथम दिन 1 अगस्त को प्रियाम जानी लिखित एवं सुनील चौहान निर्देशित नाटक “दिग्दर्शक” का मंचन किया गया, जिसमें सक्षम मिश्रा, प्रदीप कुमार एवं अभिषेक यादव ने प्रभावशाली अभिनय किया। इसके पश्चात प्रताप सिंह लिखित एवं साक्षी निर्देशित नाटक “चिट्ठी” का मंचन हुआ, जिसमें सुनील चौहान, साक्षी, मोहम्मद आक़िब, प्रताप सिंह, विजय लक्ष्मी, सागर साहू, प्राची सहगल एवं दिवाकर दुबे ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों की खूब प्रशंसा अर्जित की।
रंगोत्सव के दूसरे दिन 2 अगस्त को मुंशी प्रेमचंद की कालजयी कहानी पर आधारित नाटक “बड़े भाई साहब” का निर्देशन राहुल कुमार ने किया। इस प्रस्तुति में राहुल कुमार, आशीष, देवांश एवं अनुज ने अपनी सशक्त अभिनय क्षमता का परिचय दिया। वहीं, डॉ. चंद्रशेखर फणसलकर लिखित व्यंग्य नाटक “टैक्स फ्री” का निर्देशन सुनील चौहान ने किया, जिसमें दिवाकर दुबे, प्रदीप कुमार, दीपक, अंश एवं मंटू कुमार ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रंगोत्सव में बड़ी संख्या में रंगकर्मियों, साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं कला-रसिक दर्शकों की उपस्थिति रही। सभी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने भरपूर सराहा तथा कलाकारों के सशक्त अभिनय, प्रभावी निर्देशन, मंच-सज्जा, प्रकाश एवं संगीत संयोजन की विशेष प्रशंसा की।
इस अवसर पर ड्रामाटर्जी आर्ट्स एंड कल्चर सोसायटी के संस्थापक एवं रंगकर्मी सुनील चौहान ने कहा कि इस रंगोत्सव का उद्देश्य युवा कलाकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना, हिंदी रंगमंच को नई ऊर्जा प्रदान करना तथा समाज में कला और संस्कृति के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता का विस्तार करना है। संस्था ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी कलाकारों, तकनीकी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




