जम्मू-कश्मीर, 28 जून (वेब वार्ता)। शुद्धमहादेव में आयोजित तीन दिवसीय मेले के दौरान भीम ब्रिगेड ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव जोली खोसला ने स्वर्गीय प्रो. भीम सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि वह प्रत्येक वर्ष इस पावन स्थल पर राष्ट्रीय एकता शिविर का आयोजन करते थे। इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भाग लेते थे तथा देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता था।
राजीव जोली खोसला ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि एक समय मेले में अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियां आम थीं, लेकिन प्रो. भीम सिंह के निरंतर प्रयासों और संघर्ष के कारण आज मेले का वातावरण पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं और बेटियां बिना किसी भय के मेले का आनंद ले सकती हैं, जो प्रो. भीम सिंह के प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने भगवान शिव से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस त्रिशूल से भगवान शिव ने राक्षस का वध किया था, वह विशाल त्रिशूल आज भी शुद्धमहादेव में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मेले के दौरान भीम ब्रिगेड ट्रस्ट की ओर से बारह महान क्रांतिकारियों के चित्रों से सुसज्जित स्मृति घड़ियां विभिन्न समाजसेवियों और पदाधिकारियों को भेंट की गईं। इनमें अशोक कुमार शर्मा, मेला अधिकारी, शिवलाल, यशपाल शर्मा, सोमराज गोस्वामी, खेमराज तथा कुलवंत सहित अन्य प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा शुद्धमहादेव मंदिर के सामने वर्षों से लंगर सेवा संचालित कर रहे स्वामी विजय पाराशर को भी स्मृति घड़ी भेंट की गई।
स्वामी विजय पाराशर ने कहा कि जब भी प्रो. भीम सिंह मेले में आते थे, पूरा आयोजन उत्साह और ऊर्जा से भर जाता था। उन्होंने हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता को प्राथमिकता दी और समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया।
राजीव जोली खोसला ने शुद्धमहादेव को सनातन आस्था का अत्यंत सुंदर और पवित्र स्थल बताते हुए श्रद्धालुओं से यहां अवश्य आने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, पर्यटन और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी।
मेले में पहुंचे लोगों ने इस बार की स्वच्छता व्यवस्था की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मी लगातार विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सफाई कार्य कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो रहा है।




