अहमदाबाद, 02 जून (वेब वार्ता)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिताब जीतने की खुशी के बीच टीम के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को बड़ा झटका लगा है। आईपीएल फाइनल के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और दो डिमेरिट अंक भी लगाए गए हैं।
यह मामला अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले से जुड़ा है। गुजरात के खिलाफ मैच के दौरान एक विकेट गिरने के बाद टिम डेविड ने कथित तौर पर आक्रामक व्यवहार करते हुए अंपायर नितिन मेनन की दिशा में बर्फ रखने वाला पैक फेंक दिया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आईपीएल प्रबंधन ने कार्रवाई की है।
आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए गए
आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, टिम डेविड को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का दोषी पाया गया। इस प्रावधान के तहत किसी खिलाड़ी, अंपायर या मैच अधिकारी की ओर खतरनाक तरीके से कोई वस्तु फेंकना दंडनीय माना जाता है।
बताया गया है कि टिम डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, जिसके बाद उन पर निर्धारित दंड लागू किया गया।
डिमेरिट अंकों के कारण लगा प्रतिबंध
हालांकि फाइनल मुकाबले के बाद मैच रेफरी ने तत्काल किसी मैच प्रतिबंध की घोषणा नहीं की थी, लेकिन यह इस सत्र में तीसरी बार था जब टिम डेविड को स्तर-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
इससे पहले दो अलग-अलग मामलों में उन्हें कुल तीन डिमेरिट अंक मिल चुके थे। फाइनल मुकाबले में मिले दो अतिरिक्त डिमेरिट अंकों के बाद उनके कुल अंक पांच हो गए। आईपीएल के नियमों के अनुसार निर्धारित सीमा पार होने पर खिलाड़ी पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया जाता है।
अगले सत्र का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे
इस कार्रवाई का असर आगामी सत्र में दिखाई देगा। टिम डेविड आईपीएल के अगले संस्करण का पहला मुकाबला नहीं खेल सकेंगे। चाहे वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की ओर से मैदान में उतरें या किसी अन्य टीम का हिस्सा हों, उन्हें पहला मैच बाहर बैठकर देखना होगा।
बल्ले से रहा था शानदार प्रदर्शन
प्रतिबंध के बावजूद टिम डेविड का यह सत्र व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से काफी प्रभावशाली रहा। उन्होंने पूरे सत्र में 16 मुकाबले खेले और 305 रन बनाए। मध्यक्रम में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने कई मौकों पर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
आईपीएल खिताब जीतने के बाद जहां बेंगलुरू की टीम जश्न मना रही है, वहीं टिम डेविड पर लगी यह कार्रवाई आगामी सत्र के लिए उनके और टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन गई है।




