वाशिंगटन, 23 मई (वेब वार्ता)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप को कथित रूप से निशाना बनाने की साजिश का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान समर्थित नेटवर्क से जुड़ा एक इराकी नागरिक इवांका ट्रंप के खिलाफ हमले की योजना बना रहा था। आरोपी को तुर्किये में गिरफ्तार किए जाने के बाद अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी की पहचान मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है, जिसे ईरान समर्थित गुटों से जुड़ा बताया जा रहा है। दावा किया गया है कि वह अमेरिकी हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी सुलेमानी को अपना मार्गदर्शक मानता था और ट्रंप परिवार को निशाना बनाने की बात करता था।
मीडिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी के पास फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रंप के आवास से संबंधित नक्शा या विवरण मौजूद था। सोशल मीडिया पर साझा किए गए कुछ कथित संदेशों में उसने धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया था और बदले की बात कही थी। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि सार्वजनिक रूप से नहीं हुई है।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार आरोपी पर अमेरिका और यूरोप में कई हमलों तथा हमले की कोशिशों से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। इनमें अमेरिकी और यहूदी ठिकानों को निशाना बनाने की कथित साजिशें भी शामिल हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है और आरोपी के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि कासिम सुलेमानी की जनवरी 2020 में बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हुई थी। इसके बाद से अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा प्रतिशोध से जुड़ी आशंकाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने पूर्व में भी ईरान से जुड़े कथित हत्या और हमले के प्रयासों को लेकर आरोप लगाए हैं।




