कोलकाता, 16 मई (वेब वार्ता)। तृणमूल कांग्रेस के सांसद Abhishek Banerjee की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में उनके खिलाफ बिधाननगर साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के खिलाफ की गई टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार की ओर से दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक बनर्जी ने 27 अप्रैल से 3 मई के बीच आयोजित कई चुनावी सभाओं में ऐसे बयान दिए, जिनसे समाज में वैमनस्य फैलने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका पैदा हुई।
प्राथमिकी में यह भी कहा गया है कि भाषणों के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणियां की गईं। शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में कई वीडियो और भाषणों के इंटरनेट लिंक भी पुलिस को सौंपे हैं।
पुलिस ने 15 मई को दोपहर करीब पौने तीन बजे बिधाननगर साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज किया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा जनप्रतिनिधित्व कानून की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इनमें दंगा भड़काने, समूहों के बीच नफरत फैलाने और गंभीर धमकी देने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।
प्राथमिकी के अनुसार चुनावी सभाओं में कथित तौर पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता था और सार्वजनिक अव्यवस्था फैलने की आशंका थी। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक भाषा का प्रयोग किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक सोमनाथ रॉय को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।




