आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की मुश्किल बढ़ी, प्लेऑफ का समीकरण समझिए

- Advertisement -

नई दिल्ली, 15 मई (वेब वार्ता)। आईपीएल 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार हार के कारण मुश्किलों में घिर गई है। करीब दो सप्ताह पहले तक अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली यह टीम अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने शुरुआती सात मुकाबलों में एक भी मैच नहीं गंवाया था, लेकिन इसके बाद टीम लगातार पांच हार झेल चुकी है।

एक समय पंजाब किंग्स को शीर्ष-2 में जगह बनाने का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन अब उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर भी संकट मंडराने लगा है। टीम के अब केवल दो मुकाबले शेष हैं और इन्हीं मैचों के परिणाम से उसका भविष्य तय होगा।

पंजाब किंग्स अब तक 12 मुकाबले खेल चुकी है और उसके खाते में 13 अंक हैं। यदि टीम अपने बाकी दोनों मुकाबले जीत लेती है तो उसके कुल 17 अंक हो जाएंगे। आईपीएल के पिछले रिकॉर्ड को देखें तो 17 अंकों के साथ टीमों का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जाता है। ऐसे में पंजाब के लिए अगले दोनों मैच जीतना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।

वहीं अगर पंजाब अपने बचे हुए दो मुकाबलों में से केवल एक जीत पाती है, तो उसके 15 अंक होंगे। 15 अंकों के साथ भी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बनी रह सकती है, लेकिन इसके लिए उसे अन्य टीमों के मैच परिणामों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

पंजाब किंग्स को अपने अगले मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलने हैं। दोनों ही मैच टीम के लिए करो या मरो जैसे माने जा रहे हैं।

टीम के खराब प्रदर्शन का सबसे बड़ा कारण उसकी कमजोर गेंदबाजी मानी जा रही है। पिछले पांच मुकाबलों में पंजाब के गेंदबाज चार बार 200 या उससे अधिक रन खर्च कर चुके हैं। इतना ही नहीं, टीम तीन बार 200 रन का विशाल स्कोर बनाने के बावजूद मुकाबला जीतने में नाकाम रही।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करनी है तो उसे बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी सुधार करना होगा। लगातार हार के बाद टीम पर दबाव बढ़ चुका है और अब उसके पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -