सीतामढ़ी, 13 मई (वेब वार्ता)। बिहार के सीतामढ़ी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के मेला रोड इलाके में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण इलाके में कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। घटना के बाद मेला रोड और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बन गया और पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों को भी घटनास्थल पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने लोगों को शांत कराने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस ने पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।




