इंदौर में बढ़ी भीषण गर्मी, 42 डिग्री पहुंचा तापमान; अगले दिनों में लू का अलर्ट

इंदौर, 10 मई (वेब वार्ता)। इंदौर में मई महीने की शुरुआत में मिली मामूली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। दूसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही शहर में गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

रविवार सुबह से ही तेज गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह 11 बजे के बाद सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग धूप से बचने के लिए छांव की तलाश करते नजर आए। दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले चार दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को बढ़कर 42 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तेज धूप और गर्म हवाओं का असर सबसे अधिक महसूस किया गया।

भीषण गर्मी से राहत देने के लिए प्रशासन ने शहर के कुछ प्रमुख चौराहों पर हरी जालियां लगाई हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले वाहन चालकों को सीधी धूप से कुछ राहत मिल सके। इसके बावजूद दोपहर के समय बाजार और सड़कें अपेक्षाकृत सुनसान दिखाई दे रही हैं।

दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार रात न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि यह एक दिन पहले की तुलना में थोड़ा कम रहा, लेकिन उमस और गर्मी के कारण लोगों को रात में भी बेचैनी महसूस हुई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में सक्रिय ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। हवाओं की दिशा में परिवर्तन और आसमान साफ रहने के कारण धूप की तीव्रता लगातार बढ़ रही है।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम और अधिक गर्म हो सकता है। उन्होंने बताया कि 12 और 13 मई को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। इंदौर में भी तापमान में और वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles