रायपुर/नई दिल्ली, 3 मई (वेब वार्ता)। राजधानी रायपुर की पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर इकाई, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी सन्नी शर्मा और नाइजीरिया मूल का तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 9.70 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और तीन चेकबुक जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।
कोरियर के जरिए होती थी कोकीन की सप्लाई
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बीपी मशीन के बॉक्स में कोकीन छिपाकर कोरियर के माध्यम से विभिन्न राज्यों में भेजता था। इस नेटवर्क का संचालन विदेश से किया जा रहा था, जबकि दिल्ली से देशभर में, विशेषकर छत्तीसगढ़ में, ड्रग्स की आपूर्ति की जाती थी।
मार्च में हुई थी मामले की शुरुआत
इस पूरे मामले की शुरुआत मार्च में हुई थी, जब रायपुर में एक आरोपी को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र में छापेमारी कर मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।
बैंक खातों के जरिए होता था लेन-देन
पुलिस के अनुसार, भारतीय आरोपी अपने बैंक खातों का इस्तेमाल ड्रग्स की रकम के लेन-देन के लिए कमीशन के आधार पर करता था। प्रारंभिक जांच में पिछले छह महीनों के दौरान लगभग 2 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पहले भी जेल जा चुका है विदेशी आरोपी
पुलिस ने बताया कि नाइजीरियन नागरिक पहले भी वीजा उल्लंघन के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशी कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से कोकीन सप्लाई के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।



