टीकमगढ़, 24 अप्रैल (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक महेंद्र यादव बाइक से अपने घर लौट रहे थे। वे शिक्षण जनगणना कार्य की ड्यूटी पूरी कर वापस जा रहे थे। इसी दौरान जतारा मार्ग पर लार गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विरोध स्वरूप सड़क पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
इसी दौरान ग्राम पंचायत रामगढ़ के रोजगार सहायक वीर सिंह परमार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके बयान से नाराज होकर ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी। बाद में कुछ समझदार लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर चक्का जाम समाप्त कराया और यातायात को बहाल किया। इसके बाद शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





