असंध, 08 अप्रैल (वेब वार्ता)। असंध के कैथल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना उस समय हुई जब कैफे बंद हो चुका था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मामले की जानकारी रेस्टोरेंट मालिक को सुबह कैफे पर पहुंचने के बाद लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मौके से मिले फायरिंग के सबूत
पुलिस को रेस्टोरेंट के सामने सड़क पर दो खाली खोल मिले हैं, जिससे पुष्टि होती है कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
एक महीने पहले ही खोला था कैफे
जानकारी के अनुसार, असंध निवासी कुलदीप सिंह ने करीब एक महीने पहले ही इस कैफे की शुरुआत की थी। बीती रात वह रोजाना की तरह कैफे बंद कर घर चले गए थे।
उनके जाने के बाद अज्ञात हमलावरों ने कैफे के शटर पर गोली चलाई, जो आर-पार होकर अंदर लगे कांच के दरवाजे से टकराई। गोली लगने से दरवाजा पूरी तरह टूट गया और हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस रेस्टोरेंट मालिक से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



