दतिया, 05 अप्रैल (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले स्थित सोनागिर जैन मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। भगवान चंद्रप्रभु के मुख्य मंदिर से अज्ञात चोरों ने करीब साढ़े 10 किलो वजनी चांदी की प्रतिमा चुरा ली, साथ ही दान पेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी भी लेकर फरार हो गए। इस घटना से पूरे तीर्थ क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
हैरानी की बात यह है कि मंदिर पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित है, जहां तक पहुंचना आसान नहीं है। इसके बावजूद चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के सामने ही पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
हाल ही में स्थापित की गई थी प्रतिमा
जानकारी के अनुसार, चोरी गई चांदी की प्रतिमा हाल ही में होली मेले के दौरान स्थापित की गई थी। इसका वजन करीब साढ़े 10 किलो बताया जा रहा है। चोरों ने प्रतिमा के साथ दान पेटी को भी निशाना बनाया और उसमें रखी नगदी साफ कर दी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पहुंचे। चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया और मौके पर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी बंद, जांच में बाधा
मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद उनका बंद होना जांच में बड़ी बाधा बन रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे मंदिर की व्यवस्था और सुरक्षा की पूरी जानकारी थी।
पहले भी हो चुकी है चोरी
यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2023 में भी मंदिर की दान पेटी को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं।
घटना को लेकर तीर्थ क्षेत्र के मंत्री बालचंद्र जैन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पुलिस चौकी पर तैनात कर्मियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने जांच तेज की
बड़ोनी एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।



