IPL 2026: राजस्थान की धारदार गेंदबाजी से चेन्नई की पारी 127 पर सिमटी

चेन्नई, 31 मार्च (वेब वार्ता)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम को महज 127 रन पर समेट दिया। पहले दो मुकाबलों में जहां रनों की बरसात देखने को मिली थी, वहीं इस मैच में गेंदबाजों का दबदबा साफ नजर आया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। संजू सैमसन भी 6 रन ही बना सके, जबकि सरफराज खान 17 रन बनाकर आउट हुए। आयुष म्हात्रे बिना खाता खोले लौटे और शिवम दुबे भी 6 रन ही जोड़ पाए।

पावरप्ले के दौरान ही चेन्नई ने अपने चार महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए, जिससे टीम दबाव में आ गई। मैथ्यू शॉर्ट भी मात्र 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मध्यक्रम में भी कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

हालांकि निचले क्रम में जेमी ओवरटन ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए टीम को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 36 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। अंशुल कंबोज के साथ उन्होंने दसवें विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की, जो चेन्नई की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही।

एक समय चेन्नई का स्कोर 94 रन पर 9 विकेट था, लेकिन ओवरटन की पारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बावजूद टीम का कुल योग 127 रन ही रहा, जो इस सत्र के लिहाज से काफी कम माना जा रहा है।

राजस्थान के गेंदबाजों ने अनुशासित और सटीक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट झटके। नांद्रे बर्गर ने 26 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसके अलावा ब्रजेश शर्मा, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

इस मुकाबले में राजस्थान की गेंदबाजी इकाई ने जिस तरह से चेन्नई के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त किया, उसने टीम की संतुलित रणनीति और मजबूत तैयारी को दर्शाया। वहीं चेन्नई को आगामी मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने की आवश्यकता होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles