भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

दतिया, 31 मार्च (वेब वार्ता)। जिले के सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्लू कुशवाहा रोज की तरह सुबह टहलने के लिए चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावर अचानक सामने आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बन गया। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कल्लू कुशवाहा वार्ड नंबर एक से भाजपा पार्षद थे और क्षेत्र में उनकी सक्रिय राजनीतिक पहचान थी। हालांकि उनके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले भी दर्ज रहे हैं। जानकारी के अनुसार, एक हत्या के मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी थी और वे करीब चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई है। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सेवढ़ा चुंगी चौराहा फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles