77 घंटे बाद पिंजरे में कैद हुआ आदमखोर तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बेलरायां, 29 मार्च (वेब वार्ता)। बेलरायां वन रेंज के फुटहा फार्म क्षेत्र में दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार 77 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग के पिंजरे में कैद कर लिया गया। सात वर्षीय मासूम सिमरन को अपना शिकार बनाने वाले इस तेंदुए के पकड़े जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए फुटहा फार्म के साथ-साथ सिंधौना, रमुआपुर और दलराजपुर गांवों में व्यापक अभियान चलाया था। अभियान के तहत पांच पिंजरे लगाए गए, जिनमें बकरियों को चारे के रूप में बांधा गया था। साथ ही ट्रैप कैमरे और ड्रोन की सहायता से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही थी, जिससे तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

घटना बुधवार शाम की है, जब फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की सात वर्षीय बेटी सिमरन घर में खेल रही थी। इसी दौरान तेंदुआ अचानक घर में घुस आया और बच्ची को उठाकर खेतों की ओर भाग गया। परिजन और ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाद में खेत में बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर अभियान तेज किया गया।

डीएफओ कीर्ति चौधरी के निर्देश और एसडीओ मनोज तिवारी के नेतृत्व में बेलरायां रेंजर भूपेंद्र सिंह तथा लुधौरी रेंजर मोबीन आरिफ सहित वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में डटी रही। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार देर रात करीब 11 बजे तेंदुआ पिंजरे में फंस गया।

तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए को वन रेंज कार्यालय लाया जा रहा है, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। साथ ही क्षेत्र में निगरानी जारी रखी जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles