मुंबई, 29 मार्च (वेब वार्ता)। अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। रिलीज के दसवें दिन भी फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है और इसने दूसरे शनिवार के कलेक्शन के मामले में पुष्पा 2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने दूसरे शनिवार यानी दसवें दिन लगभग 62.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 778.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है, जिसका असर सिनेमाघरों में उच्च दर्शक उपस्थिति के रूप में देखा जा रहा है।
दूसरे शनिवार के कलेक्शन के मामले में ‘धुरंधर 2’ अब हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। इससे पहले ‘पुष्पा 2’ ने दूसरे शनिवार को 46 करोड़ रुपये की कमाई की थी, लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।
फिल्म के पहले सप्ताह की कमाई भी बेहद शानदार रही। पेड प्रिव्यू के जरिए 43 करोड़ रुपये जुटाने के बाद पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद लगातार कई दिनों तक फिल्म ने मजबूत पकड़ बनाए रखी और पहले सप्ताह में ही 674.17 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। नौवें दिन फिल्म ने 41.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
निर्देशक आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके साथ संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और गौरव गेरा जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म की जबरदस्त कमाई और दर्शकों के उत्साह को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में और भी कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
दूसरे शनिवार को सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों की लिस्ट
1- धुरंधर 2- 62.85 करोड़
2- पुष्पा 2- 46 करोड़
3- धुरंधर- 42 करोड़
4- स्त्री- 33.80 करोड़
5- एनिमल- 32.47 करोड़
6- गदर 2- 31.07 करोड़
7- जवान- 30.10
8- बाहुबली 2- 26.50 करोड़
9- द कश्मीर फाइल्स- 24.80 करोड़
10- पठान- 22.50 करोड़



