परीक्षा में असफलता के बाद उठाया कदम
सिहोरा/जबलपुर, 28 मार्च (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। 8वीं कक्षा में फेल होने से परेशान 13 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
रिश्तेदार के घर आया था छात्र
पुलिस के अनुसार, मृतक रूद्र प्रताप सेन अपने रिश्तेदार के घर करीब 15 दिन पहले आया था। 25 मार्च को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में वह असफल हो गया था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
घर लौटे परिजनों को मिला शव
घटना वाले दिन शाम को जब परिजन घर लौटे, तो देखा कि छात्र ने कमरे के रोशनदान से कपड़े की पट्टी बांधकर फंदा लगा लिया था। उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बढ़ती घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा के दबाव और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में भी इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।



