यूडी टैक्स बकाया पर निगम की सख्ती
उदयपुर, 26 मार्च (वेब वार्ता)। यूडी टैक्स बकाया को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निगम ने शहर के बीएन कॉलेज और आरएमवी कॉलेज के रजिस्ट्रार ऑफिस को सीज कर दिया। दोनों संस्थानों पर मिलाकर 30 लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया था, जिसे लंबे समय से जमा नहीं किया गया था।
बीएन कॉलेज पर 25 लाख, आरएमवी पर 5 लाख बकाया
निगम के अनुसार बीएन कॉलेज पर करीब 25 लाख रुपये और आरएमवी कॉलेज पर लगभग 5 लाख रुपये का यूडी टैक्स बकाया था। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर निगम ने यह कार्रवाई की।
रजिस्ट्रार ऑफिस किए गए सीज
कॉलेजों में परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए निगम टीम ने कार्रवाई को संतुलित रखते हुए मुख्य गेट या शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावित नहीं किया। केवल रजिस्ट्रार ऑफिस को सीज कर वहां नोटिस चस्पा किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर की गई। मौके पर राजस्व टीम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन और राहुल मीणा मौजूद रहे।
लक्ष्य से पीछे वसूली, आगे भी सख्ती जारी
निगम के आंकड़ों के मुताबिक 26 मार्च तक इस वित्तीय वर्ष में 17.60 करोड़ रुपये का यूडी टैक्स वसूला जा चुका है, जबकि लक्ष्य 20 करोड़ रुपये रखा गया है। आयुक्त ने साफ किया है कि समय पर टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



