बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का दबदबा
मुंबई, 26 मार्च (वेब वार्ता)। ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। शानदार ओपनिंग और वीकेंड की तेज रफ्तार के बाद फिल्म वीकडेज में भी दमदार कमाई कर रही है और कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है।
7वें दिन भी बरकरार रही रफ्तार
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने रिलीज के 7वें दिन 47.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई 623.42 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 744.58 करोड़ रुपये हो चुका है।
ओपनिंग से ही तोड़े रिकॉर्ड
फिल्म ने 43 करोड़ के पेड प्रीव्यू और 102.55 करोड़ की ओपनिंग के साथ शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे दिन 80.72 करोड़, तीसरे दिन 113 करोड़, चौथे दिन 114 करोड़, पांचवें दिन 65 करोड़ और छठे दिन 56.60 करोड़ की कमाई दर्ज की गई।
बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
‘धुरंधर 2’ ने पहले ही हफ्ते में कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसने ‘गदर 2’, ‘पठान’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। साथ ही 600 करोड़ क्लब में एंट्री कर विक्की कौशल की ‘छावा’ को भी पछाड़ दिया है।
अब ‘स्त्री 2’ पर नजर
फिल्म अब 627 करोड़ के आंकड़े वाली ‘स्त्री 2’ को पीछे छोड़ने की ओर बढ़ रही है। इसके बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इससे आगे सिर्फ ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट ही रह जाएगा, जिसने 895 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
स्टारकास्ट और रिलीज
रणवीर सिंह के साथ इस फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी नजर आए हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाई थ्रिलर 19 मार्च को रिलीज हुई थी और तब से लगातार बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है।



