सोनीपत, राजेश आहूजा | वेब वार्ता
हरियाणा के सोनीपत स्थित ठाकुरद्वारा पंचायती मंदिर, बड़ा बाजार से कलश यात्रा के साथ श्री राम कथा एवं नवचंडी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ किया गया। महिला श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ कलश यात्रा निकाली, जो चिटाने वाले माता मंदिर पहुंची। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
संतों के सान्निध्य में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में कथावाचक परम श्रद्धेय श्री श्री 1008 दयानन्द सरस्वती यति जी महाराज एवं महामंडलेश्वर अर्जुन दास जी महाराज का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। संतों के मार्गदर्शन में धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कविता जैन ने धर्म और कर्तव्य पर दिया संदेश
पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि चिटाने वाले माता मंदिर के वार्षिक उत्सव पर सात दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक, सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर ही हम धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ सकते हैं।
राजीव जैन ने युवाओं से की अपील
मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण से देश की आस्था को नई दिशा मिली है। उन्होंने युवाओं से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आचरण को जीवन में अपनाने और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने का आह्वान किया।
संगीतमय कथा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
दोपहर में आयोजित संगीतमय श्री राम कथा में दयानन्द सरस्वती यति जी महाराज एवं अर्जुन दास जी महाराज के प्रवचनों से श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से मनुष्य का आध्यात्मिक और लौकिक विकास होता है तथा जन्म-जन्मांतर के विकार नष्ट होते हैं।
कथा का आध्यात्मिक महत्व बताया
संतों ने कहा कि कलियुग में श्री राम कथा सुनने मात्र से व्यक्ति भवसागर से पार हो जाता है। कथा कल्पवृक्ष के समान है, जिससे सभी इच्छाओं की पूर्ति संभव है और वैराग्य व ज्ञान का जागरण होता है।
सैकड़ों श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर महेश गोयल, राजेंद्र टाणु कुच्छल, तरुण गोयल, नरेश कुमार, गौरव गोयल, विशाल गोयल, अशोक गोयल, मनीष गर्ग, अखिल कुच्छल, महेंद्र मंगला, गजेंद्र मंगला, दिनेश कुच्छल, देवेंद्र कुच्छल, निर्मल जैन, अमित शोनक, राकेश शोनक सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें: सोनीपत सिविल अस्पताल में डे-केयर कैंसर सेंटर का बड़ा शुभारंभ, मरीजों को मिलेगी राहत







