Sunday, March 1, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा छपरा पहुंची, हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत

सारण, (वेब वार्ता)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शनिवार को सारण जिला मुख्यालय छपरा पहुंची। यहां यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया और भारी भीड़ उमड़ी। ‎पूरे शहर में उत्साह और ऊर्जा की लहर दौड़ गई।

म्युनिसिपालिटी चौक पर सारण विकास मंच के संयोजक शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में हजारों की संख्या में आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, क्षत्रिय, दलित और वंचित समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। राहुल गांधी के स्वागत के लिए हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे का विशेष इंतजाम किया गया, जिसने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। महिलाओं और युवाओं की अभूतपूर्व भागीदारी ने इस स्वागत को ऐतिहासिक बना दिया।

हाथी-घोड़ों के साथ स्वागत देखकर राहुल गांधी गदगद हो उठे। सारण विकास मंच के संयोजक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा—

“छपरा की जनता बदलाव चाहती है और राहुल गांधी की यह ‘वोटर अधिकार यात्रा’ लोगों में नई उम्मीद जगा रही है। आज हमने देखा कि हर वर्ग के लोग इस आंदोलन का हिस्सा बने। यह साफ संकेत है कि बिहार में परिवर्तन की लहर चल चुकी है और जनता एक न्यायपूर्ण, समान और विकासशील समाज की ओर बढ़ रही है।”

आज की यात्रा में सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल हुए। यह यात्रा छपरा के श्याम चौक से शुरू हुई और बाजार समिति मोड़, आरा रोड, छपरा ब्रिज मोड़ होते हुए आरा में प्रवेश करेगी। आज रात्रि विश्राम वीर कुंवर सिंह स्टेडियम, आरा में होगा।

इस यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में होगा, जहां राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक पदयात्रा निकालेंगे। इस पदयात्रा में महागठबंधन के सभी नेता शामिल होंगे।
गौरतलब है कि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत 17 अगस्त को सासाराम से हुई थी।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img